Haryana

लाव लश्कर के साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाड़वा से किया नामांकन

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी नामांकन दाखिल करते हुए

यह चुनाव न्याय-अन्याय का युद्ध, कांग्रेस लोगों को टुकड़ों में बांटना चाहती: नायब सिंह सैनी

नामांकन के दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और प्रदेश अध्यक्ष मोहन बड़ौली भी रहे मौजूद

चंडीगढ़, 10 सितंबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा विधानसभा चुनाव में लाड़वा विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भारी हुजूम के साथ अपना नामांकन किया। इस माैके पर उनके साथ केंद्रीय मंत्री व पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली व वरिष्ठ नेता माैजूद रहे। नामांकन रैली में उमड़ी भीड़ को देखकर नायब सैनी गदगद दिखे।

इस मौके पर नायब सिंह सैनी ने कहा कि लाड़वा की इस ऐतिहासिक धरती पर उमड़े जनसमूह को देखकर मैं उत्साहित हूं। लाड़वा मेरा घर है और मुझे मेरे घर पर पूरा विश्वास है कि इस बार भाजपा की सरकार तीसरी बार बनाने में लाडवा के लोग कमल खिलाएंगे। सैनी ने कहा कि जनता की यह सम्मान की पगड़ी मूल्यवान है और यह सम्मान केवल मुख्यमंत्री नायब सैनी का नहीं, बल्कि लाड़वा के एक-एक नागरिक का है। सैनी ने वादा किया कि इस सम्मान को कभी कम नहीं होने दिया जाएगा और इसे बढ़ाने के लिए मेहनत करेंगे।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला और कहा कि भाजपा हरियाणा एक, हरियाणवी एक के सिद्धांत पर चलने वाली पार्टी है, लेकिन कांग्रेस प्रदेश के लोगों को टुकड़ों-टुकड़ों में बांटना चाहती है। कांग्रेस की मानसिकता छोटी है। आज लाड़वा की इस एतिहासिक धरती पर कहना चाहता हूं कि यह चुनाव राजनीतिक दलों का चुनाव नहीं, बल्कि न्याय और अन्याय का युद्ध है। उन युवाओं के लिए न्याय का युद्ध है, जिन्हें हमने नौकरी दी और कांग्रेस के भर्ती रोको गैंग ने रुकवा दी। इसका जवाब युवा 5 अक्टूबर को कांग्रेस को देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चुनाव उस अन्याय के खिलाफ युद्ध है, जो कांग्रेस राज में दलितों पर हुए हमले, दलितों के घर जलाए गए, उन्हें पलायन के लिए मजबूर किया गया। किसान अपने अपमान का बदला लेने के लिए कांग्रेस को सबक जरूर सिखाएंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह धरती न्याय और अन्याय की लड़ाई की गवाह रही है, और भगवान श्रीकृष्ण ने यहीं गीता का संदेश दिया था। मेरा आग्रह है कि आप सभी मिलकर चुनाव के दौरान हर घर में जाएं और एक-एक व्यक्ति से मिलें। हमारा लक्ष्य है कि लाड़वा विधानसभा क्षेत्र में कमल का फूल खिलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा को नंबर एक बनाएं।

कुरुक्षेत्र से सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि आज कई विधानसभाओं से लोग यह चाह रहे थे कि मुख्यमंत्री वहां से चुनाव लड़ें, लेकिन उन्होंने लाडवा की धरती को चुना। हरियाणा में वे कहीं से भी चुनाव लड़ें, जीत निश्चित है, लेकिन उन्होंने अपना प्यार लाडवा को दिया। जिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री को लाडवा में बार-बार आने की जरूरत भी नहीं है, यहां चुनाव जनता संभालेगी। मुख्यमंत्री सैनी ने पांच महीने में ही कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की, अब हम उन्हें समर्थन देकर यहां से विजयी बनाएंगे।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री और थानेसर विधायक सुभाष सुधा, लाडवा के पूर्व विधायक पवन सैनी, सुमन सैनी, पार्टी के जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर, वरिष्ठ भाजपा नेता जवाहर सैनी, जिले के प्रवासी प्रभारी और पूर्व सांसद रघु लखन पाल, विधानसभा प्रभारी धर्मवीर सिंह, प्रदेश सचिव राहुल राणा, अध्यक्ष जय सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष साक्षी खुराना व महिला मोर्चा की अध्यक्ष परमजीत कौर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व समर्थक उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top