Uttar Pradesh

उप्र के 23 जिलों में बारिश की संभावना, सामान्य रहेगा तापमान

उप्र के 23 जिलों में बारिश की संभावना, सामान्य रहेगा तापमान

कानपुर, 06 सितम्बर (Udaipur Kiran) । समुद्री तूफान यागी से उत्तर प्रदेश का मौसम भले ही अभी प्रभावित नहीं हुआ है, लेकिन मानसून की सक्रियता बरकरार है। इससे बराबर कहीं पर अधिक तो कहीं पर हल्की बारिश हो रही है। इसके अलावा गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने का भी सिलसिला जारी है। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को उत्तर प्रदेश के 23 जिलों में बारिश की संभावना है और इस दौरान तापमान सामान्य रहेगा, जिससे उमस भरी गर्मी से काफी हद तक राहत मिल सकेगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शुक्रवार को बताया कि कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा तट पर है। मानसून ट्रफ अब बीकानेर, कोटा, गुना, जबलपुर, कम दबाव वाले क्षेत्र के केंद्र से होकर दक्षिण-पूर्व दिशा में बंगाल की खाड़ी के पूर्वी मध्य भाग की ओर जा रही है। मौसम की इन गतिविधियों से उत्तर प्रदेश का मौसम बहुत अधिक प्रभावित नहीं होगा, लेकिन मानसून फिलहाल सक्रिय रहने की संभावना बनी हुई है। शनिवार को महोबा, बांदा, हमीरपुर, फतेहपुर, जालौन, कानपुर नगर, झांसी, इटावा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कासगंज, कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, कन्नौज, हरदोई, फर्रुखाबाद, सीतापुर, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बरेली, पीलीभीत और बदायूं जनपदों में मेघगर्जन व आकाशीय बिजली के साथ बारिश के आसार हैं। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 33.4 और न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 86 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 64 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं दक्षिण पूर्व रही जिनकी औसत गति 3.6 किमी प्रति घंटा रही।मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहेंगे। इस दौरान तेज हवाओं एवं गरज चमक के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की वर्षा होने के आसार हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / अजय सिंह

Most Popular

To Top