Uttar Pradesh

किसान दिवस: किसानों की समस्या के निस्तारण का जिलाधिकारी ने दिया निर्देश

किसान दिवस पर समस्या के निस्तारण का जिलाधिकारी ने दिया निर्देश

मीरजापुर, 3 सितम्बर (Udaipur Kiran) । विकास भवन के आडिटोरियम में मंगलवार को किसान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में किया गया। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने ब्लाकवार एक-एक किसानों की समस्याओं को सुना और सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया की समस्याओं का प्राथमिकता पर ध्यान देते हुए समय-सीमा के अन्दर निस्तारण कर आख्या उपलब्ध कराएं।

उप कृषि निदेशक विकेश कुमार पटेल ने किसान दिवस से सम्बन्धित पिछली कार्यवाही को पढ़कर सुनाया तथा उपस्थित किसानों की समस्याओं के समाधान के बारे में भी बताया गया। जिला उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष खाद्यान्न वितरण समिति ई. बीडी सिंह ने बताया कि बाण सागर परियोजना की मेजा जरगो लिंक चैनल के चालू होने से सिरसी बांध नहर प्रखण्ड द्वारा संचालित कोटा राजवाहा की उपयोगिता समाप्त हो गई है। सुझाव दिया कि कोटा राजवाहा 1.65 किलो मीटर पर पूर्ण रूप से बन्द कर दिया जाए। इसी प्रकार लालगंज कलवारी मार्ग पर स्थिति दुबार कला के मल्लार मोड़ से बाड़ सागर मेजा जरगो लिंक नहर तक सड़कें बहुत क्षतिग्रस्त हो गई हैं, इसको ठीक कराया जाए।

जिलाध्यक्ष किसान यूनियन कंचन सिंह फौजी ने बताया कि सिंचाई खण्ड चुनार अन्तर्गत मेन कैनाल से निकली धुरिया माइनर वाराणसी शक्तिनगर मार्ग के पास से पाईप लाइन का कार्य पूर्ण होने से सिंचाई हो रही है। सर्विस पटरी लगभग 3 किलोमीटर क्षतिग्रस्त है। ग्राम बाराडीह का छोटईपुरवा, चितविश्राम, अहरौरा डीह की जनता 20-25 ग्रामों के किसानों, मजदूरों व छात्रों को अहरौरा इण्टर कालेज पठन पाठन को आने-जाने में काफी परेशानी होती है। सर्विस पटरी को पक्का कराया जाए।

मण्डल अध्यक्ष भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति, विन्ध्याचल मण्डल अली जमीर खां ने कहा कि जरगो बांध से सम्बन्धित पथरौरा माइनर का विस्तार हुए लगभग 50 वर्ष बीत चुके हैं। उनका पनसाल बढ़ाया जाए जिससे टेल तक की सिंचाई हो सके। तहसील चुनार के ढाब क्षेत्र एवं क्रियात क्षेत्र में आलू की खेती होती थी। लेकिन सहकारी शीत गृह बन्द होने के कारण आलू की खेती भी बन्द होने के कगार पर है। शीतगृह को चालू कराया जाए। इस दौरान जिसमें मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार के अलावा जनपद के विकास खण्डों से आये हुए कृषकों के साथ-साथ कृषि, पशुपालन, उद्यान, सहकारिता, विद्युत, सिंचाई सहित कृषि एवं कृषि से सम्बन्धित अन्य विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Most Popular

To Top