Madhya Pradesh

इंदौर में संभागायुक्त की पहल पर वयस्क बौद्धिक दिव्यांगजनों के लिये संचालित होगा संरक्षण गृह

– संभागायुक्त ने सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग को प्रस्ताव भेजा

इंदौर. 30 अगस्त (Udaipur Kiran) । संभागायुक्त दीपक सिंह की पहल पर वयस्क बौद्धिक महिला-पुरूष दिव्यांगजनों के लिये इंदौर में संरक्षण गृह का संचालन किया जायेगा। संभागायुक्त ने शुक्रवार को सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग को इसके संबंध में प्रस्ताव भेजकर समाज कल्याण परिसर परदेशीपुरा में वयस्क बौद्धिक संरक्षण गृह का संचालन करने एवं आवश्यक बजट के प्रावधान हेतु अनुरोध किया है।

संभागायुक्त सिंह ने अवगत कराया है कि बौद्धिक दिव्यांग वयस्क महिलाओं एवं पुरुषों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए एक परामर्श केन्द्र सह संरक्षण गृह की नितांत आवश्यकता है। बौद्धिक अवयस्क दिव्यांग बच्चों के लिए बहुत सी स्वैच्छिक संस्थाएँ कार्य कर रही हैं, किन्तु वयस्क बौद्धिक दिव्यांगजनों के भविष्य के पुनर्वास, संरक्षण एवं जीवनभर देखरेख के लिए कोई भी संस्थाएँ कार्य नही कर रही हैं। इंदौर जिले में वयस्क बौद्धिक दिव्यांगजनों के लिए संरक्षण गृह की आवश्यकता को दृष्टिगत रखते हुए निराश्रित निधि अथवा विभागीय बजट से 18 वर्ष या उससे अधिक आयु समूह के 50-50 बौद्धिक महिलाओं एवं पुरुषों के लिए पृथक-पृथक संरक्षण गृह का संचालन किया जायेगा। सामाजिक न्याय विभाग के समाज कल्याण परिसर में स्थित संस्थाओं को नवीन भवनों में स्थानांतरित किया जा रहा है। उक्त रिक्त होने वाले भवनों में प्रकल्प को संचालित किया जायेगा।

संभागायुक्त ने पुराने भवनों के मरम्मत हेतु रिनोवेशन संबंधी प्राकल्लन प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का भी आग्रह किया है।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top