Chhattisgarh

विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए  सदस्यता अभियान को गंभीरता से लेना है : जम्वाल

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल

रायपुर, 29 अगस्त (Udaipur Kiran) । क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने भाजपा प्रकोष्ठ पदाधिकारियों की एक वृहत बैठक को गुरुवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में संबोधित करते हुए कहा है कि सब जगह प्रकोष्ठों का जो नेटवर्क है, वह पार्टी का मूल है, वह पार्टी का प्राण है। पार्टी का सदस्य है, तो पार्टी है, तो सत्ता और सरकार है। इसलिए भाजपा का सदस्य बनना हमारे लिए सबसे बड़े गर्व की बात है। प्रकोष्ठ के विस्तार और मजबूती के लिए ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाएंगे और अपने प्रकोष्ठ की सदस्यता का अलग डाटा रखेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए सदस्यता अभियान को गंभीरता से लेना है।

जम्वाल ने कहा कि इसके लिए प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं को नए क्षेत्रों, समाज के सभी वर्गों तक जाना है। प्रकोष्ठों को अपने-अपने दायरे में अपनी ज्यादा से ज्यादा सदस्या हो, इसलिए ज्यादा प्रवास करना पड़ेगा, सब जगह जाकर पूछना पड़ेगा। सबको बताना होगा कि भारतीय जनता पार्टी का सदस्य बनना आज बहुत बड़ी बात है। प्रधानमंत्री मोदी के विजन विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करना है तो इस सदस्यता अभियान को बहुत ही गंभीरता से लेना है। इसके लिए जितना ज्यादा आप समय देंगे, प्रवास करेंगे, उतने ज्यादा आपके सदस्य बनेंगे। अपने पास सारी सदस्यता का रिकॉर्ड रहना चाहिए ताकि आगे चलकर हम इन सदस्यों का प्रशिक्षण करवा सकें। इन सदस्यों को पार्टी के लिए मजबूत करवा सकें।

जम्वाल ने कहा कि प्रदेश में सदस्यता की पिछली संख्या को उसी तरह पार करना है जैसे हमने छत्तीसगढ़ की सरकार हमेशा से ज्यादा सीटें जीतकर बनाई है। इसके लिए प्रकोष्ठों को उन जगहों में जाना है, जहां पर हमारे कमजोर बूथ हैं। जिन समाजों में हम पहुंच नहीं पाए, जिन बस्तियों में, वार्डों में हम पहुंच नहीं पाए, जहां पार्टी कमजोर है, ऐसी सभी जगहों पर प्रकोष्ठ अगर प्रयास करेंगे तो हम सदस्यता अभियान में आगे बढ़ पाएंगे। जम्वाल ने कहा कि सदस्यता हमारा मूलमंत्र है। आप जितने ज्यादा सदस्य बनाएंगे, जितने ज्यादा सदस्यों को प्रशिक्षित करेंगे, उतनी ही ज्यादा मजबूती से हम पार्टी को मजबूत करेंगे ।अगले आने वाले 20 सालों तक केंद्र में भी हमारी सरकार रहे, प्रदेश में भी हमारी सरकार रहे, उस सपने को पूरा करने के लिए बहुत ही आवश्यक है कि हम सदस्यता अभियान को पूरी गंभीरता और विधिवत रूप से संपादित करें।

जम्वाल ने कहा कि आज एकमात्र पार्टी संपूर्ण दुनिया में ऐसी बची है जो कैडर बेस्ड पार्टी है। आज 75 वर्ष का इतिहास हो चुका हमारे विचार का। आज 2024 चल रहा है अगले वर्ष 100 वर्ष पूरे होंगे और इतने वर्षों तक इस पार्टी के विचार में किसी प्रकार का कोई विघटन नहीं आया। क्योंकि यह अपने कार्यकर्ताओं की सामूहिकता से चलती है।पार्टी का इतिहास और विचार बताता है कि जहां भी कुछ कठिन हुआ होगा, जहां भी कुछ देश में संकट आया होगा, किसी प्रकार की विपदा आई होगी वहां पर हमारी पार्टी का कार्यकर्ता खड़ा होगा, हमारे विचार का कार्यकर्ता खड़ा होगा। यह देश हमारा अच्छा बने, संपन्न बने, आत्मनिर्भर बने, संपूर्ण रूप से सशक्त बने, दुनिया का नंबर वन देश बने, इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को एक दिशा में पॉजीटिव होते हुए काम करने की आवश्यकता है और इसके लिए वैचारिक रूप से सकारात्मक रहना बहुत जरूरी है।

—————

(Udaipur Kiran) / केशव केदारनाथ शर्मा

Most Popular

To Top