RAJASTHAN

नगर निगम महिला-बालिकाओं को हर प्रकार से मजबूत बनाने के लिए अपनाएगा नवाचार

नगर निगम

जयपुर, 28 अगस्त (Udaipur Kiran) । नगर निगम ग्रेटर द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को मानसिक, सामाजिक, शारीरिक रूप से मजबूत करने, उनका आत्मविश्वास बढ़ाने के लिये नवाचार किया जाएगा। इसके तहत महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने बुधवार को महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रहे विभिन्न विषय-विशेषज्ञों के साथ बैठक कर कार्ययोजना के संबंध में विस्तृत चर्चा की। बैठक में 30 से भी अधिक विषय-विशेषज्ञ मौजूद रहे। जिन्होंने महिला सशक्तिकरण की कार्ययोजना के संबंध में अपने-अपने सुझाव दिए। महिला एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष मीनाक्षी शर्मा, सांस्कृतिक समिति की अध्यक्ष दुर्गेश नन्दनी सहित विषय-विशेषज्ञ एडवोकेट, मनोवैज्ञानिक, जूडो कराटे एक्सपर्ट मौजूद रहे।

महापौर ने इस अवसर पर शक्ति वंदन 2.0 के पोस्टर का भी विमोचन किया। इसकी थीम अन्याय का संहार करो, शक्ति तुम ललकार करो रहेगी। महापौर ने कहा कि महिला विकसित राष्ट्र की आधार स्तम्भ है। वर्तमान में सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए अहम कदम उठा रही है इसी क्रम में नगर निगम द्वारा जोन एवं वार्डवार टीमों का गठन कर कॉलेज, विद्यालयों, कोचिंग संस्थाओं, कार्यालयों आदि में जाकर महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में सशक्त किया जाएगा उनके आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा साथ ही आपात स्थिति में किस प्रकार से महिला अपना बचाव कर सकती है इस संबंध में भी जागरूक किया जाएगा। जिससे महिलाओं, बालिकाओं में आत्मविश्वास पैदा होगा और वे किसी भी विषम परिस्थिति का सामना करने में सक्षम होगी। महापौर ने सख्त लहजे में कहा कि यह समय अब मोमबत्ती लेकर बैठने का नहीं है बल्कि महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक कर सशक्त बनाकर महिलाओं को सामाजिक, मानसिक, शारीरिक तौर पर मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि समृद्ध समाज विकसित समाज के लिए आगे आकर महिलाओं को सशक्त करना होगा । इसलिए नगर निगम ग्रेटर द्वारा शक्ति वंदन 2.0 का आगाज जल्द ही किया जाएगा। इससे पूर्व भी 2 से 4 मार्च को शक्ति वंदन कार्यक्रम का जवाहर कला केन्द्र में आयोजन किया गया था। जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में नवाचार के रूप में एक पहल थी। इसी क्रम में शक्ति वंदन 2.0 का भी शीघ्र ही आयोजन किया जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / राजेश

Most Popular

To Top