HEADLINES

जम्मू -कश्मीर के लिए भाजपा ने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की

नई दिल्ली, 26 अगस्त (Udaipur Kiran) । जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी( भाजपा ) ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित 40 नेताओं को शामिल किया गया है। सूची में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष व केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी प्रमुख रूप से शामिल हैं। चुनाव आयोग को भेजी गई सूची में केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, जी किशन रेड्डी, शिवराज सिंह चौहान और डॉ. जितेंद्र सिंह, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा भी शामिल हैं। इसके साथ ही पूर्व मंत्री अनुराघ ठाकुर, स्मृति ईरानी, जनरल (रिटायर्ड), वी.के.सिंह, हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश चुनाव प्रभारी राम माधव, तरुण चुघ के नाम भी इस सूची में शामिल हैं।

स्टार प्रचारकों में स्थानीय नेताओं को भी शामिल किया गया है। इसमें जम्मू -कश्मीर के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना, अशोक कौल, डॉ. निर्मल सिंह, कविंद्र गुप्‍ता, सुनील शर्मा, देवेंद्र सिंह राणा, सुखनंदन चौधरी, श्‍याम लाल शर्मा, त्रिलोक जमवाल, अरुण प्रभात सिंह, नीलम लंघे, सरदार रणजोध सिंह नलवा, सरदार सरबजीत सिंह जोहल, दानांथर सिंह कोटवाल संगीता भगत, हाजी जावेद जरगर, सोफी युसूफ, मोहम्‍मद अनवर खान और संजीता डोगरा शामिल हैं।

चुनाव आयोग को भेजी गई स्टार प्रचारकों की सूची में भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि यह सूची जम्मू कश्मीर में पहले चरण के लिए है। हांलाकि इसे ही दूसरे और तीसरे चरण के लिए मान्य किया जाए। यदि कोई परिवर्तन होगा तो पार्टी उसे सूचित करेगी।

—————

(Udaipur Kiran) / विजयालक्ष्मी / जितेन्द्र तिवारी

Most Popular

To Top