Haryana

हिसार : नगर निगम वसूलेगा 25 करोड़ प्रॉपर्टी टैक्स, लक्ष्य निर्धारित

प्रॉपर्टी टैक्स से संबंधित बैठक लेते निगमायुक्त प्रदीप दहिया।

निगम के दो सचिवों को दिया 50-50 लाख का टारगेट

सब कमेटी की अगुवाई में पूरा किया जाएगा 25 करोड़ का लक्ष्य

हिसार, 1 अगस्त (Udaipur Kiran) । नगर निगम ने इस बार निगम क्षेत्र की जनता से 25 करोड़ प्रॉपर्टी टैक्स वसूलने का निर्णय लिया है। इसके लिए निगम ने लक्ष्य निर्धारित करते हुए सब कमेटी का गठन भी कर दिया है। अब 25 करोड़ के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सब कमेटी कार्य करेगी। इस संबंध में निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने गुरुवार को अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक की। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने शहर में प्रॉपर्टी टैक्स बारे विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में 25 करोड़ रूपये का लक्ष्य निर्धारित किया हैं जबकि 31 जुलाई तक केवल 3.38 करोड़ रूपये प्रॉपर्टी टैक्स जमा हुआ हैं।

निगमायुक्त ने दोनों सचिवों को 20-20 प्रॉपर्टी चयनित करके उन्हें नोटिस देने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि नोटिस के बाद प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की जाएंगी। दोनों सचिवों को 50-50 लाख रूपये के प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने के लक्ष्य भी दिया गया। प्रॉपर्टी टैक्स की रिकवरी के लिए निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने उप निगम आयुक्त वीरेन्द्र सहारण की अगुवाई में सब कमेटी बनाने के लिए आदेश दिए। यह कमेटी शहर में प्रॉपर्टी टैक्स की रिकवरी के निर्धारित लक्ष्य 25 करोड़ रूपये की प्राप्ति के लिए कार्य करेगी।

पेडिंग फाइलों को लेकर सख्त रूख अपनाते निगमायुक्त ने कहा कि जनता को परेशान किया तो सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहे। उन्होंने कहा कि किसी भी लेवल पर फाइलें तय समय सीमा के बाहर नहीं जानी चाहिए उनका निपटान तय समय सीमा में किया जाएं। इस दौरान अतिरिक्त निगमायुक्त प्रदीप हुड्डा, उप निगम आयुक्त वीरेन्द्र सहारण, सीनियर अकाउंट ऑफिसर अशोक नेहरा, एई सुमित कुमार, सचिव संजय शर्मा, सचिव दीपक, एक्सपर्ट राजकुमार श्योकंद, एक्सपर्ट अनिल मेहता, मेकर रामेश्वरदास, जेई कुशल व प्रॉपर्टी शाखा के र्क्लक मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran) / राजेश्वर शर्मा

Most Popular

To Top