Bihar

भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे किशनगंज, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे किशनगंज, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

किशनगंज,31 जुलाई (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नये प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल बुधवार को किशनगंज पहुंचे। जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों के साथ प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल का स्वागत किया। साथ ही जेसीबी से फूल बरसाए गये। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद, भारत माता की जय के नारों से पूरा एमजीएम मेडिकल कॉलेज गुंजायमान हो उठा।

इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए डॉ. जायसवाल ने कहा कि हमारा बस चले तो विरोधी दल के सभी नेता को भाजपा में शामिल कर लें। जब इंसानियत और मानवता की बात होगी, तब कांग्रेस और राजद, जो जाति की बात करते हैं, वो समाप्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत से राज्य में फिर सरकार बनेगी। पिछड़े समाज के व्यक्ति को इतना बड़ा सम्मान पार्टी ने दिया है कि इसका सकारात्मक संदेश जाएगा और पार्टी को लाभ मिलेगा। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए डा. जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने समाज में जहर का बीज बोने का कार्य किया है।

उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व का एक बार फिर से आभार जताया। पीएम मोदी से मुलाकात को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि बजट में बाढ़ से निपटने के लिए 11 हजार करोड़ से अधिक की राशि आवंटित की गई है, उसी को लेकर मुलाकात हुई है और जल्द ही सर्वदलीय बैठक का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर भाजपा के किशनगंज जिलाध्यक्ष सुशांत गोप, अंकित कौशिक, मनोज गट्ठानी, सुनील तिवारी, अनुपम ठाकुर, लखवीर कौर, लखविंदर सिंह लक्खा सहित अन्य लोग मौजूद थे।

(Udaipur Kiran) / धर्मेन्द्र सिंह / गोविंद चौधरी

Most Popular

To Top