Madhya Pradesh

वरिष्ठ नेता प्रभात झा ने जीया आदर्श जीवनः मुख्यमंत्री डॉ. यादव

वरिष्ठ भाजपा नेता प्रभात झा का निधन, गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में ली अंतिम सांस

– मुख्यमंत्री ने प्रभात झा के निधन पर व्यक्त किया शोक

भोपाल, 26 जुलाई (Udaipur Kiran) । भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रभात झा का शुक्रवार को निधन हो गया। उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सुबह 5 बजे 67 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनके निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रभात झा एक सजग़ जनप्रतिनिधि के साथ ही प्रख्यात लेखक और राष्ट्रवादी विचारक भी थे। उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। इनमें राज्यसभा सदस्य और मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की भूमिकाएं भी शामिल हैं। डॉ. यादव ने कहा कि उनका प्रभात झा के साथ कई वर्ष का संबंध रहा। उन्होंने एक आदर्श जीवन जिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि प्रभात झा ने अपने राजनीतिक जीवन में मीडिया के साथ आवश्यक समन्वय को हमेशा प्राथमिकता दी। वे निरंतर अध्यनन करते रहते थे। उन्होंने संगठन को सशक्त बनाने के लिए यादगार सेवाएं दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से स्व.प्रभात झा की आत्मा की शांति और उनके परिजन, प्रशंसक और विशाल मित्र समूह को यह दु:ख सहन करने की शक्ति देने के लिए प्रार्थना की है।

राजनैतिक जगत और समाज के लिए अपूरणीय क्षतिः उप-मुख्यमंत्री शुक्ल

उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने वरिष्ठ नेता, मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रभात झा के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ राजनीतिज्ञ, पत्रकार, लेखक और विचारक प्रभात झा का निधन राजनीतिक जगत और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने राष्ट्र-सेवा में आजीवन समर्पित रहे कर्मठ व्यक्तित्व प्रभात झा को श्रद्धांजलि अर्पित की है। उप-मुख्यमंत्री शुक्ल ने दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने, परिजन और समर्थकों को यह विकट दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

प्रभात झा जी का निधन अपूरणीय क्षतिः मंत्री लोधी

संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने पूर्व राज्यसभा सांसद प्रभात झा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रभात झा के निधन के समाचार से स्तब्ध हूं। उनका निधन राजनीतिक और पत्रकारिता जगत के लिये अपूरणीय क्षति है। उन्होंने परमात्मा से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को दुःख की इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करें।

मंत्री कुशवाह ने प्रभात झा के निधन पर किया शोक व्यक्त

सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण तथा उद्यनिकी मंत्री नारायन सिंह कुशवाह ने भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रभात झा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रभात झा का निधन संगठन एवं समाज के साथ ही पत्रकार जगत के लिये अपूर्णीय क्षति है। उन्होंने कहा कि स्व. झा ने पत्रकारिता के क्षेत्र से सार्वजनिक जीवन प्रारंभ कर आजीवन पार्टी और समाज की सेवा के लिए कार्य किया। मंत्री कुशवाह ने प्रभात झा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने व परिजनों और समर्थकों को यह गहन दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

राज्यमंत्री जायसवाल ने प्रभात झा के निधन पर शोक व्यक्त किया

कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष, मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि स्व. झा ने हमेशा लोगों की भलाई के लिये काम किया। वे एक उच्च कोटि विचारक होने के साथ कुशल संगठन कर्ता भी थे। उन्होंने हमेशा आमजन के जीवन को बेहतर बनाने के लिये चिंतन किया और संगठन को मजबूती देने का कार्य किया। अपने सद्कार्यों एवं प्रज्ञा से उन्होंने हम सबके दिलों में अमिट जगह बनाई। उनके निधन से एक युग का अंत हुआ है। जायसवाल ने स्व. झा के शोक संतप्त परिजन को सांत्वना देकर दिवंगत आत्मा की शांति की कामना परमपिता परमेश्वर से की है।

स्व. झा लेखनी के धनी और राजनीति के सशक्त हस्ताक्षर थेः मंत्री शाह

जनजातीय कार्य, लोक सेवा प्रबंधन तथा भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुर्नवास मंत्री डॉ. कुवंर विजय शाह ने वरिष्ठ राजनीतिज्ञ प्रभात झा के देहावसान पर गहन शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि स्व. झा ने पत्रकार से राजनीतिज्ञ तक एक लंबी जीवन यात्रा तय की। वे लेखनी के धनी थे और राजनीति के सशक्त हस्ताक्षर थे। उन्होंने अपनी जीवटता और कर्मठता से पत्रकारिता, राजनीति एवं सामाजिक जीवन में एक बड़ा मुकाम हासिल किया। उनका निधन हम सबके लिये अपूर्णीय क्षति है। डॉ. शाह ने स्व. झा के शोक संतप्त परिजन को सांत्वना देकर दिवंगत आत्मा की शांति की कामना परमपिता परमेश्वर से की है।

प्रभात झा के जाने की शून्यता को लंबे समय तक नहीं भरा जा सकता: राज्य मंत्री पटेल

लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने वरिष्ठ राजनीतिज्ञ प्रभात झा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह दुःखद समाचार उनके लिए एक पितातुल्य संरक्षक, मार्गदर्शक व राजनीति में संबल प्रदायक के चले जाने जैसा है। पटेल ने कहा कि प्रभात झा के मार्गदर्शन और साथ में किए गए कई संगठनात्मक कार्यों की स्मृतियाँ अब जीवंत हो उठी हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं की जिस तरह चिंता की, वह अतुलनीय है। अपना जीवन सेवाकार्य में समर्पित करने वाले श्री झा के निधन से जो शून्यता उभरी है, उसे लंबे समय तक नहीं भरा जा सकता। मंत्री पटेल ने पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवारजनों को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

मंत्री संपतिया उइके ने प्रभात झा के निधन पर व्यक्त किया शोक

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके ने भाजपा के वरिष्ठ नेता, मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व राज्य सभा सदस्यप्रभात झा के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि प्रभात झा का निधन संगठन एवं समाज के साथ ही उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने आजीवन पार्टी और समाज की सेवा के लिए निःस्वार्थ कार्य किया। स्व. प्रभात झा बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। मंत्री संपतिया उइके ने प्रभात झा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने व परिजनों और समर्थकों को यह गहन दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

(Udaipur Kiran) तोमर / उम्मेद सिंह रावत

Most Popular

To Top