Uttrakhand

सुनिए सरकार! विभिन्न समस्याओं को लेकर जनआंदोलन करेगा भारतीय मजदूर संघ

सुनिए सरकार! विभिन्न समस्याओं को लेकर जनआंदोलन करेगा भारतीय मजदूर संघ

देहरादून, 18 जुलाई (Udaipur Kiran) । टीएचडीसी श्रमिक संघ कार्यालय ऋषिकेश में गुरुवार को भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश पदाधिकारियों के संगठित-असंगठित क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर बैठक हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि संविदा एवं ठेका कर्मचारियों व सीडकुल रुद्रपुर में लुकाश कंपनी में कार्यरत मजदूरों की समस्याओं के सामाधन के लिए उत्तराखंड सरकार की ओर से उचित कार्यवाही न किए जाने पर भारतीय मजदूर संघ बृहद जनआंदोलन को मजबूर होगा।

मुख्य अतिथि क्षेत्रीय संगठन मंत्री अनुपम ने कहा कि विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए सरकार से समन्वय बैठक करने के लिए कई बार आग्रह किया परंतु कोई तबज्जो नहीं दी गई। इससे भारतीय मजदूर संघ आने वाले समय में बृहद जनआंदोलन करेगा। इसमें औद्योगिक क्षेत्र के मजदूर, संविदा ठेका, आशा वर्कर, आंगनबाड़ी, भोजन माता सहित भारतीय मजदूर संघ से जुड़ी सभी यूनियनें इसमें भाग लेंगी। उन्होंने कहा कि संविदा के रूप में जिन लोगों को 10 साल पूर्ण हो गए हैं उनका सरकार नियमितीकरण किया जाए। लूकाश कंपनी की हट धर्मीता से नौ माह से जो कर्मचारी आंदोलनरत हैं उनकी समस्याओं को सुना जाए और उनका सामाधन किया जाए।

70 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय मजदूर संघ मनाएगा स्थापना दिवस, आगामी कार्यक्रमों का कैलेंडर तैयार

बैठक का संचालन करते हुए प्रदेश महामंत्री सुमित सिंघल ने भारतीय मजदूर संघ के 70 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश एवं जिला स्तर पर होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा रखी। उन्होंने कहा कि आगामी 23 जुलाई को भारतीय मजदूर संघ के 70 वर्ष पूर्ण होने पर स्थापना दिवस प्रदेश व जनपद स्तर पर भव्य और दिव्य रूप से मनाया जाएगा। 23 जुलाई 2024 से 23 जुलाई 2025 तक भारतीय मजदूर संघ ने 12 माह के कार्यक्रमों का कैलेंडर तैयार किया है। इसमें कार्यकर्ता विकास वर्ग, कार्यकर्ता संपर्क अभियान, स्वदेशी प्रबंधन, विश्वकर्मा दिवस, सामाजिक समरसता दिवस, कुटम्भ प्रभोदन और नागरिक कर्तव्य सहित पंच परिवर्तन कार्यकम किए जाएंगे। सभी कार्यकर्ता अपने-अपने घरों में भारतीय मजदूर संघ का ध्वज लगाएंगे और 70 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में प्रदेश के 13 जिलों में 70 यूनियनों का पंजीकरण करने का भी लक्ष्य रखा गया है।

समस्याओं को नजरअंदाज करना ठीक नहीं

प्रदेश अध्यक्ष आशा स्वास्थ्य कार्यकत्री संगठन संजीव विश्नोई ने कहा कि सरकार की ओर से आशाओं की समस्याओं को हमेशा नजरअंदाज किया जाता रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों की मांग है कि ऑनलाइन उपस्थिति में बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दुर्गम क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या लगातार बनी रहती है, इसीलिए उनकी उपस्थिति पूर्व की भांति ही की जाए। मुख्यमंत्री से कई बार लिखित रूप में आग्रह किया गया कि इनकी समस्याओं का सामाधान करने के लिए भारतीय मजदूर संघ की उपस्थिति में एक वार्ता बैठक आहूत की जाए परंतु सरकार की ओर से इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस कारण जन आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

राज्य के सभी जिलों में प्रभारी नियुक्त

बैठक में सभी प्रदेश पदाधिकारियों को उत्तराखंड के सभी जिलों में प्रभारी नियुक्त किया गया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री सुमित सिंघल, प्रदेश उपाध्यक्ष विरेंद्र खखरियाल, प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कांत, प्रदेश कोषाध्यक्ष पदम सिंह धमांदा, प्रदेश कार्यालय मंत्री आदर्श सकलानी, प्रदेश मंत्री बुद्धिबल्लभ थपलियाल, प्रदेश मंत्री गणेश मेहरा, प्रदेश मंत्री भगवती बिष्ट आदि थे।

(Udaipur Kiran) / कमलेश्वर शरण / प्रभात मिश्रा

Most Popular

To Top