Assam

बाढ़ के चलते गोलाघाट में 9वीं एवं 10वीं की अर्धवार्षिक परीक्षा स्थगित

गोलाघाट (असम), 18 सितंबर (Udaipur Kiran) । राज्य में इस वर्ष की तीसरी बाढ़ के चलते गोलाघाट जिले में सामान्य जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। इस बीच बाढ़ के मद्देनजर शिक्षा विभाग ने गोलाघाट जिला में 9वीं एवं 10वीं की अर्धवार्षिक परीक्षा अगले आदेश तक स्थगित कर दी है। निर्धारित समय सारणी के अनुसार आगामी 20 सितंबर से दोनों श्रेणियों की परीक्षाएं निर्धारित थीं। जानकारी के अनुसार दुर्गा पूजा के बाद अर्धवार्षिक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।

उल्लेखनीय है कि जिला के नुमलीगढ़ के मरंगी मौजा में धनशिरी नदी में आई बाढ़ ने व्यापक क्षति पहुंचाई है। बाढ़ का पानी लगातार नये-नये इलाकों में प्रवेश कर रहा है। धनशिरी नदी के पानी ने मरंगी के सेसामुख इलाके में भयावरूप धारण कर लिया है। बाढ़ के बीच काफी परिवार और पशुधन फंस गये हैं। घरों में भी बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। मरंगी मौजा के लगभग 25 गांवों के लगभग 10 हजार लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।

वहीं, गोलाघाट जिला के खुमटाई इलाके में भी बाढ़ की स्थिति परेशानी का सबब बनी हुई है। खुमटाई विधानसभा के लगभग 30 गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। ऐतिहासिक धोदर आली से राष्ट्रीय राजमार्ग 39 को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग के ऊपर से बाढ़ का पानी बह रहा है। बाढ़ प्रभावित लोगों को आश्रय शिविरों में आश्रय लेने के लिए मजबूर होना पड़ा है। वहीं, पूर्व मंत्री विष्मिता गोगोई ने कई आश्रय शिविरों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया है। ——-

(Udaipur Kiran) / अरविन्द राय

Most Popular

To Top