HimachalPradesh

पिछले 24 घंटों में कांगड़ा में 9 घर क्षतिग्रस्त, 69 गौशालाएं भी ध्वस्त

धर्मशाला, 05 सितंबर (Udaipur Kiran) । बीते दिनों से लगातार चल रहे बारिश के दौर के बाद शुक्रवार को बरसात के मौसम से राहत मिली है। शुक्रवार को मौसम साफ रहा और दिन भर छक्के बादलों के बीच धूप खिली रही जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि जिला में नुकसान की बात करें तो पिछले 24 घण्टों के दौरान भी घरों और गौशालाओं को भारी नुकसान हुआ है। जिला में नौ घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए जबकि 52 पक्के और कच्चे घरों को हल्का नुकसान हुआ है। जिनमें 44 कच्चे जबकि 8 पक्के घर शामिल हैं। इसके अलावा जिला में 69 गौशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसके साथ ही 3 रसोई घर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। जिला में इस दौरान 52.25 लाख का नुकसान हुआ है।

गौरतलब है कि पिछले करीब ढाई माह के दौरान जिला में बरसात के दौरान अभी तक 50 लोगों की जान जा चुकी है वहीं निजी संपत्ति को ही करीब 112 करोड़ से अधिक का नुकसान हो चुका है। इसके अलावा दो लोग अभी भी लापता हैं। जिला में अगर 50 लोगों की मौत की करें तो सबसे अधिक 19 मौतें सड़क दुर्घटनाओं में हुई हैं। इसके अलावा 8 लोग डूबने से 7 लोग बाढ़ से, 5 ऊंचाई से गिरने से, 4 सांप के काटने से, 3 बिजली का करंट लगने से, 2 पत्थर गिरने तथा एक व्यक्ति की दीवार गिरने से मौत हुई है।

उधर जिला में अब तक बरसात के इस मौसम में 78 पक्के घर और 863 कच्चे मकानों को नुकसान हो चुका है। वहीं आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त पक्के घरों की संख्या 63 जबकि कच्चे घरों की संख्या 787 पंहुच गई है।

जिला में अभी तक 1120 गौशालाओं को नुकसान हो चुका है। इसके अलावा 27 दुकानों और 38 रसोईघरों को भी नुकसान हुआ है।

वहीं जिला में अब तक बरसात में हुए नुकसान की बात करें तो बीते 20 जून 2025 से अब तक कुल 197 पशुधन की हानि हुई है।

वहीं 20 जून से 2 सितंबर 2025 तक जिला में बरसात से कुल मिलाकर करीब 112 करोड़ करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति का नुकसान दर्ज किया गया है।

(Udaipur Kiran) / सतेंद्र धलारिया

Most Popular

To Top