Chhattisgarh

75 दिवसीय विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा महोत्सव संपन्न

मावली माता की डोली व छत्र की विदाई में उमड़ा जनसैलाब

-मावली माता की डोली व छत्र की विदाई में उमड़ा जनसैलाब

जगदलपुर, 7 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । छत्तीसगढ़ के विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा का समापन मंगलवार को मावली माता की डोली और दंतेश्वरी देवी की छत्र की विदाई के साथ हुआ। माता की विदाई के पहले दंतेश्वरी मंदिर में पूरे विधि-विधान से पूजा-पाठ किया गया , जिसमें पूर्व बस्तर राजपरिवार के सदस्य कमलचंद्र भंजदेव व अन्य लोग शामिल हुए। इस दौरान श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण किया गया।

पारंपरिक वेशभूषा में सजे स्थानीय ग्रामीणों ने गाजे-बाजे और ढोल नगाड़ों की थाप पर मावली माता की डोली को विदाई दी। शहर में निकाली गई विशाल कलश यात्रा ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। आज मंगलवार काे माता मावली की डोली विदाई के साथ ही 75 दिनों तक चला रहे बस्तर दशहरा संपन्न हुआ।

उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष बस्तर दशहरा में परंपरानुसार राजपरिवार के सदस्यों के आमंत्रण पर माता मावली की डोली एवं मां दंतेश्वरी का छत्र जगदलपुर आती है। अष्टमी के दिन मावली परघाव में माता मावली के डोली का भव्य स्वागत किया जाता है, वहीं सभी देवी-देवताओं की विदाई के बाद अंत में माता मावली की डोली एवं दंतेश्वरी के छत्र की विदाई होती है। आज माता मावली की डोली एवं दंतेश्वरी के छत्र की विदाई में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने ससम्मान विदा करने पहुंचे थे। विदाई से पूर्व सशस्त्र जवानों के द्वारा हर्ष फायर कर सलामी दिये जाने की परंपरा का निर्वहन किया गया। दशहरा समिति की ओर से मांई की भव्य विदाई के दौरान कावड़ों में विदाई सामग्री देने की परम्परा है, जिसका निर्वहन किया गया। माई की विदाई के दौरान कावड़ों में सजाकर सामग्री दी जाती है। इसमें 25 किलो चावल, 11 किलो दाल, 5 किलो घी, 8 किलो सरसों तेल, 7 किलो चिराग तेल के अलावा हल्दी, नमक मिर्च, आटा, शक्कर, गुड़, मिठाई, नारियल, अगरबती, कपूर, टिकली, सुपारी, चूड़ी फुंदरी, धूप, लाली, चंदन, आलता, आईना, कंघी व अन्य सामान के अलावा एक काला बकरा भी दिया गया। वहीं आज एक बकरा जगदलपुर स्थित माई दंतेश्वरी को तथा एक बकरा व अन्य सामग्री भण्डार देवी को समर्पित किया गया। इसके साथ ही बस्तर दशहरा अगले वर्ष के लिए परायण के साथ बस्तर दशहरा के सभी पूजा विधान संपन्न किये गये।—————

(Udaipur Kiran) / राकेश पांडे

Most Popular

To Top