Jharkhand

51 जोड़े सामूहिक विवाह में बंधे, सेवा संस्था ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी

कार्यक्रम में शामिल अतिथिगण

रांची, 25 जून (Udaipur Kiran) । महिला उत्थान जनहित सेवा संस्था की ओर से बुधवार को रांची के पुराना विधानसभा स्थित सभागार में भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इसमें 51 जोड़े वैदिक विधि-विधान से परिणय सूत्र में बंध गए।

समारोह में आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विवाह की सभी रस्में पूरी कराई। कार्यक्रम में जोहार पार्टी के अध्यक्ष कुशवाहा विजय और सामाजिक कार्यकर्ता भैरो सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।

संस्था की अध्यक्ष रेणु सिंह ने बताया कि यह प्रयास समाज के उन जरूरतमंद तबकों के लिए है जो आर्थिक कारणों से विवाह जैसे पवित्र संस्कार को पूरा नहीं कर पाते। इस बार 51 जोड़ों की शादी कर उन्हें बर्तन सेट, बक्सा सहित अन्‍य आवश्यक सामग्री भेंट की गई है। सामूहिक विवाह में शामिल जोड़ों और उनके परिवार के सदस्यों ने संस्था का आभार जताया और कहा कि यह आयोजन उनके लिए जीवन भर यादगार रहेगा।

समारोह में सेवा संस्था के सचिव राहुल कुमार, उपाध्यक्ष शीला देवी, कार्यकर्ता बसंती देवी, प्रमिला देवी, अनीता सिंह, पूनम देवी और ज्योति तिर्की सहित अन्‍य उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar

Most Popular

To Top