
– अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज, पुलिस जांच शुरू
मीरजापुर, 27 नवंबर (Udaipur Kiran) । उत्तरप्रदेश के मीरजापुर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र के पतेरी ग्राम पंचायत के बारपुरवा में गुरुवार शाम खलिहान में लगी अचानक आग से 11 किसानों की लगभग 34 बीघा धान की फसल और पुआल जलकर राख हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पीड़ित किसानों ने इसे किसी अज्ञात व्यक्ति की करतूत बताया है और कार्रवाई की मांग करते हुए राजगढ़ थाने में तहरीर दी है।
प्रिंस कुमार सिंह पुत्र सुभाष सिंह ने बताया कि गांव के किसानों की धान की कटाई हो चुकी थी और मड़ाई के लिए फसल खलिहान में रखी गई थी। कुछ किसानों का पुआल भी वहीं जमा था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने खलिहान में आग लगा दी। आग की लपटों ने देखते ही देखते कई खलिहानों को अपनी चपेट में ले लिया।
आगजनी में प्रिंस सिंह का 5 बीघा धान व ढाई बीघा पुआल, रामनिवास सिंह का डेढ़ बीघा, राम सिंह का 4 बीघा, रमेश कुमार सिंह का 2 बीघा, जय सिंह का साढ़े चार बीघा, नागेंद्र सिंह का 5 बीघा, सुनीता का डेढ़ बीघा, सुदामा का डेढ़ बीघा, आरती का डेढ़ बीघा, श्रीनिवास का डेढ़ बीघा और प्रवीण सिंह का साढ़े तीन बीघा धान व पुआल जलकर खाक हो गया।
सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक किसानों को भारी नुकसान हो चुका था। पीड़ितों ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। राजगढ़ थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा ने बताया कि किसानों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा