
देहरादून, 28 जून (Udaipur Kiran) । मानसून अवधि 15 जून से 15 अक्टूबर 2025 तक प्रत्येक जनपद के नोडल खण्ड में बाढ़ नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। संबंधित खण्ड के अधिशासी अभियन्ता, बाढ़ नियन्त्रण प्रभारी नियुक्त किया गया हैं।
प्रदेश के सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने शनिवार को सुभाष रोड़ अपने कैम्प कार्यालय पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मानसून सीजन को लेकर सिंचाई विभाग ने सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।
सिंचाई खण्ड, देहरादून के परिसर में केन्द्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष संख्या 9411554658 है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष चौबीस घंटे क्रियाशील है। अधीक्षण अभियंता, सिंचाई कार्य मण्डल, देहरादून को राज्य स्तरीय विभागीय नोडल अधिकारी नामित किया गया है, जिनका दूरभाष संख्या 9837173920 है।
सिंचाई मंत्री महाराज ने बताया कि बाढ़ संबंधित सूचनाओं के आदान प्रदान के लिवए भागीय बाढ़ नियंत्रण प्रभारी ने वाट्स एप ग्रुप भी बनाया है, जिसमें राज्य, जिला स्तरीय अधिकारी सदस्य हैं व सभी अधिकारी मोबाइल पर उपलब्ध रहेंगे। सभी अधिशासी अभियंता मानसून के दौरान प्रतिदिन केन्द्रीय बाढ़ नियंत्रण केन्द्र को वर्षा, नदियों में जल स्तर से संबंधी सूचना उपलब्ध करा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में कुल 113 बाढ़ चौकियां प्रशासन के सहायोग से स्थापित कर ली गयी है। मानसून में बाढ़ तथा जल भराव की दृष्टि से 304 संवेदनशील स्थलों का चिन्हीकरण भी कर लिया गया है। मानसून से पूर्व सिंचाई विभाग के नियंत्रणाधीन संवेदनशील ड्रेन्स की सफाई सुनिश्चित की गई है। राज्य की मुख्य नदियों के जलस्तर की सिंचाई विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा निरन्तर मॉनिटरिंग की जा रही है। सिंचाई विभाग के नियंत्रणाधीन जलाशयों व बंधो पर लगातार निगरानी की जा रही है।
उचित स्थलों पर बोल्डर, आरबीएम व रेत की व्यवस्था आपात स्थिति के लिसए निश्चित की गयी है। किसी भी संभावित घटना के दौरान बैराजों, जलाशयों के डाउनस्ट्रीम में स्थित लोगों को सूचित करने के लिए सभी बैराजों, जलाशयों पर सायरन स्थापित किए गए हैं। बैठक में सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता सुभाष कुमार पाण्डेय आदि मौजूद रहे।
(Udaipur Kiran) / विनोद पोखरियाल
