Madhya Pradesh

मप्र: शहडोल में भीषण सड़क हादसा, अयोध्या दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं का वाहन पेड़ से टकराया, 3 महिलाओं की मौत

श्रद्धालुओं का वाहन पेड़ से टकराया

शहडोल, 7 जुलाई (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के शहडाेल जिले में साेमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हाे गया। यहां अयोध्या दर्शन कर छत्तीसगढ़ लौट रहे श्रद्धालुओं का वाहन पेड़ से टकरा गया। इस हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि चार लोगों की हालत गंभीर है। गंभीर घायलाें को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ब्यौहारी के डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर कर दिया है।

दरअसल घटना शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के जोरा की है। टेम्पो क्रमांक सीजी 10-बीपी-8657 सोमवार सुबह करीब 4.40 बजे जोरा गांव के पास सड़क किनारे लगे लिप्टिस के पेड़ से टकरा गया। हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर मौत हो गई। वहीं 15 महिलाएं और बच्चे घायल हैं। मृतकों में गायत्री कवर 55, मालती पटेल 50 एवं इंदिरा बाई शामिल है। सभी छत्तीसगढ़ की रहने वालीं और अयोध्या दर्शन कर लौट रहीं थीं।

पुलिस द्वारा इस संबंध में बताया गया कि तूफान वाहन में कुल 20 लोग सवार थे। ड्राइवर के अलावा सभी महिलाएं और बच्चे थे। ये लोग अयोध्या से दर्शन कर वापस अपने घर छत्तीसगढ़ लौट रहे थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस और पुलिस वाहनों से अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी अरुण पांडे ने बताया कि हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को पहले ब्यौहारी अस्पताल ले जाया गया। वहां से गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया है। पुलिस ने मृतकों के परिजन को फोन पर सूचना दी है, जो ब्यौहारी के लिए रवाना हो गए हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Most Popular

To Top