Chhattisgarh

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना: धमतरी के 265 श्रद्धालु प्रयाग-काशी के लिए रवाना

तीर्थयात्रियों को हरी झंडी दिखाते हुए महापौर रामू रोहरा।

धमतरी, 27 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत धमतरी जिले के 265 हितग्राही आज हर्षोल्लास के साथ प्रयाग, काशी विश्वनाथ एवं हनुमान मंदिर दर्शन के लिए रवाना हुए। यह तीर्थयात्रा 27 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2025 तक चलेगी।

धमतरी नगर पालिका निगम के महापौर रामू रोहरा ने तीर्थयात्रियों को हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया और उन्हें सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और यात्रियों के स्वजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रशासन ने बताया कि जिले के चार जनपद पंचायतों से कुल 199 यात्री शामिल हैं — धमतरी से 49, कुरुद से 52, मगरलोड से 49 और नगरी से 49 यात्री वहीं छह नगरीय निकायों से कुल 66 यात्री शामिल हुए। नगर पालिका निगम धमतरी से 21, और नगर पंचायत कुरूद, मगरलोड, नगरी, आंमदी व भखारा से प्रत्येक नौ-नौ यात्री गए हैं। इस तरह से कुल 265 यात्री गए हैं।

योजनाकर्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना वरिष्ठ नागरिकों और इच्छुक श्रद्धालुओं को प्रमुख धार्मिक स्थलों की निशुल्क यात्रा कराने की जनकल्याणकारी पहल है। इस योजना से न केवल धार्मिक अनुभूति मिलती है, बल्कि सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक चेतना भी सुदृढ़ होती है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में यह पहल प्रदेश के लोगों में धार्मिक-सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा दे रही है।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top