मुंबई, 11 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मुंबई उपनगर के पालक मंत्री आशीष शेलार ने शनिवार को मुंबई में जनता दरबार लगाया और मुंबईकरों की समस्याएं सुनीं। इस जनता दरबार में लगभग 250 नागरिक उपस्थित थे। शेलार ने जानकारी दी कि आगामी दिनों में विभागवार जनता दरबार आयजित कर लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
यह जनता दरबार के. पूर्व वार्ड कार्यालय में आयोजित किया गया था। अंधेरी क्षेत्र के नागरिकों, हाउसिंग सोसाइटियों, एसआरए संगठनों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सरकार, मनपा, पुलिस जैसे विभिन्न विभागों से जुड़ी अपनी समस्याएं उठाईं। मंत्री शेलार ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार के आदेशानुसार जनता दरबार आयोजित किए जा रहे हैं। मैं और सह पालक मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा वार्डवार जनता दरबार लगा रहे हैं। लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। इस अवसर पर स्थानीय विधायक मुरजी पटेल, पूर्व भाजपा नगरसेवक ज्ञानमूर्ति शर्मा, वार्ड सहायक आयुक्त अभिजीत सामंत सहित पुलिस और अन्य सरकारी अधिकारी उपस्थित थे।
—————
(Udaipur Kiran) / वी कुमार
