रुद्रप्रयाग, 19 जुलाई (हि.स. । त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जनपद के तीनों ब्लॉक में ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य की 426 सीटों पर 1229 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। जिले में ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत पद पर कुल 1022 प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए है।
जिले में अगस्त्यमुनि, जखोली व ऊखीमठ विकासखंड में 24 जुलाई को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत मतदान होना है। यहां, ग्राम पंचायत की कुल 333 ग्राम पंचायतों में से अब सिर्फ 280 में ही ग्राम प्रधान का चुनाव होना है, क्योंकि 53 ग्राम प्रधान निर्विरोध चुने गये हैं। वहीं, ग्राम पंचायत सदस्य के 2419 पदों के सापेक्ष 957 प्रत्याशियों को निर्विरोध चुना गया है। अब, सिर्फ 25 सीटों पर 50 प्रत्याशी मैदान में है। शेष 1437 सीटों के लिए कोई नामांकन नहीं हुआ है। ऐसे में ग्राम प्रधान के चुनाव के बाद तीनों ब्लॉकों में कितनी ग्राम पंचायतों में सदस्यों का कोरम पूरा होता है, यह भी देखने लायक होगा। क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 115 सीटों के सापेक्ष 12 में निर्विरोध चयन हो चुका है। शेष 103 सीटों पर अब 320 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं, जिला पंचायत की 18 सीटों पर 90 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे है। मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 22 जुलाई से पोलिंग पार्टियों को पोलिंग बूथों पर रवाना किया जाएगा।
(Udaipur Kiran) / दीप्ति
