जयपुर एयरपोर्ट पर कुत्ते के हमले में महिला घायल, टर्मिनल-2 के बाहर घटना

जयपुर एयरपोर्ट पर कुत्ते के हमले में महिला घायल, टर्मिनल-2 के बाहर घटना

 

जयपुर, 15 फरवरी (Udaipur Kiran) । जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार दोपहर एक कुत्ते के हमले में महिला यात्री घायल हो गई। घटना टर्मिनल-2 के अराइवल एरिया गेट के बाहर हुई।

एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार महिला दिल्ली से जयपुर पहुंची थी और बाहर निकलते समय एक कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुत्ते ने महिला के पैर पर काट लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत महिला को संभाला और एयरपोर्ट प्रबंधन को सूचना दी। घायल महिला को एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। प्रशासन का कहना है कि संबंधित कुत्ते का पहले ही टीकाकरण किया जा चुका था।

एयरपोर्ट परिसर में कुत्तों के हमले की यह पहली घटना नहीं है। पूर्व में भी यात्रियों और आमजन पर हमले के मामले सामने आ चुके हैं। इसके बावजूद आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। नियमों के अनुसार पकड़े गए कुत्तों की नसबंदी के बाद उन्हें उसी स्थान पर छोड़ा जाता है। एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से परिसर की फेंसिंग का कार्य जारी है। हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र में आवारा कुत्तों की मौजूदगी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्न उठ रहे हैं।

—————