इमरान से मुलाकात की मांग पर अड़ी पीटीआई, शहबाज के वार्ता प्रस्ताव को बताया महज औपचारिकता

इस्लामाबाद, 06 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । पाकिस्तान में सरकार और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के बीच जारी गतिरोध के बीच विपक्ष ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के बातचीत के प्रस्ताव को महज प्रतीकात्मक करार दिया है। पीटीआई अध्यक्ष गोहर अली खान ने कहा कि सरकार ने बातचीत का न्योता देने के अलावा अब तक कोई ठोस सकारात्मक कदम नहीं उठाया है।

रावलपिंडी में पत्रकारों से बातचीत में गोहर ने कहा कि पीटीआई नेताओं को पिछले करीब एक साल से पार्टी संस्थापक इमरान खान से मिलने की अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने दावा किया कि इमरान से आखिरी मुलाकात पिछले साल अक्टूबर में हुई थी।

गोहर की यह टिप्पणी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की उस पेशकश के कुछ घंटे बाद आई, जिसमें उन्होंने पीटीआई के साथ बातचीत की इच्छा जताई थी। हालांकि, शहबाज ने स्पष्ट किया कि बातचीत तभी संभव होगी, जब पार्टी इस्लामाबाद की ओर जारी अपना लंबा मार्च और धरना समाप्त करे।

इस्लामाबाद में एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि धरने और लंबे मार्च की राजनीति का पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ता है। उन्होंने पीटीआई से मार्च और धरना खत्म करने की अपील करते हुए बातचीत के लिए आगे आने को कहा।

———————–

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय