फराह खान ने नितिन गडकरी के घर पहुंचकर किया यूट्यूब चैनल के लिए खास इंटरव्यू, केंद्रीय मंत्री ने साझा की अपनी दिनचर्या

Mumbai, 2 जनवरी। जब बॉलीवुड और राजनीति एक साथ नजर आते हैं, तो यह चर्चा का केंद्र बन जाता है। इसी कड़ी में फिल्म निर्माता और कोरियोग्राफर फराह खान और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) का मिलन हुआ। फराह खान अपने यूट्यूब चैनल (YouTube Channel) के लिए नितिन गडकरी के घर पहुंचीं, जहां दोनों ने खास बातचीत की।

फराह खान अपने यूट्यूब चैनल को लेकर काफी सक्रिय हैं। वह अपने चैनल पर मशहूर हस्तियों के घर जाती हैं, उनके साथ खाना बनाती हैं और दिलचस्प बातचीत करती हैं। इस बार उन्होंने नितिन गडकरी के घर पहुंचकर उनके जीवन और दिनचर्या पर चर्चा की। उनके साथ उनके भरोसेमंद कुक दिलीप भी मौजूद थे।

बातचीत के दौरान फराह और नितिन गडकरी ने यूट्यूब की सफलता पर भी चर्चा की। फराह ने बताया कि उन्हें अपने चैनल के लिए सिल्वर प्ले बटन (Silver Play Button) मिल चुका है। उन्होंने हंसी-मजाक में कहा कि उनका अगला लक्ष्य गोल्ड प्ले बटन (Gold Play Button) हासिल करना है, ठीक वैसे ही जैसे नितिन गडकरी ने किया है।

फराह खान ने नितिन गडकरी से यूट्यूब का गोल्डन बटन दिखाने की भी गुजारिश की। इस दौरान नितिन गडकरी ने अपनी दिनचर्या साझा की कि वह सुबह 7 बजे उठते हैं और ढाई घंटे योगा-प्राणायाम (Yoga-Pranayama) करते हैं। उन्होंने बताया कि एक समय उनका वजन 135 किलो था और वह उस समय मुंबई (Mumbai) में रहते थे।

वीडियो में नितिन गडकरी ने यह भी बताया कि कांग्रेस नेता सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) उनके पड़ोसी हैं और वह अक्सर सोनिया गांधी के घर से उड़कर आए मोरों को दाना खिलाते हैं।

इससे पहले, फराह खान अपने यूट्यूब चैनल के लिए बॉलीवुड की चर्चित जोड़ी सोनाक्षी सिन्हा (Sonakshi Sinha) और जहीर इकबाल (Zaheer Iqbal) के घर भी पहुंच चुकी हैं। उस दौरान उन्होंने कपल से एक निजी सवाल पूछा था कि उनके माता-पिता की पहली मुलाकात कब और कैसे हुई थी।

सोनाक्षी ने मुस्कुराते हुए बताया कि दोनों परिवारों की पहली मुलाकात एक पार्टी के जरिए हुई थी, जो अभिनेत्री हुमा कुरैशी (Huma Qureshi) के घर रखी गई थी। यह पार्टी खास तौर पर इस तरह आयोजित की गई थी कि दोनों परिवार बिना किसी दबाव के एक-दूसरे को समझ सकें।

दिलचस्प बात यह रही कि इस पार्टी में न सिर्फ सोनाक्षी और जहीर के माता-पिता मौजूद थे, बल्कि हुमा कुरैशी के माता-पिता भी शामिल हुए थे। सभी ने साथ बैठकर बातचीत की, हंसी-मजाक किया और माहौल बेहद खुशनुमा रहा। उस शाम सभी ने बहुत अच्छा समय बिताया।

पीके / एबीएम

(Rajasthan Kiran)

Leave a Comment