ओडिशाः आय से अधिक संपत्ति मामले में कार्यपालक अभियंता गिरफ्तार

ओडिशाः आय से अधिक संपत्ति मामले में कार्यपालक अभियंता गिरफ्तार

भुवनेश्वर, 06 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । आय से अधिक संपत्ति (डीए) मामले में मंगलवार को ओडिशा सतर्कता विभाग ने बारिपदा आरएंडबी डिवीजन के अंतर्गत बेतनटी आरएंडबी सब-डिवीजन के कार्यपालक अभियंता (ईई) अरविंद मोहंती को गिरफ्तार किया। उन्हें आज बारिपदा स्थित विशेष न्यायाधीश, सतर्कता की अदालत में पेश किया जाएगा।

एक दिन पहले सोमवार को विजिलेंस विभाग की ओर से मोहंती से संबंधित विभिन्न ठिकानों पर की गई तलाशी के दौरान कथित तौर पर आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति का पता चला। इनमें दो बहुमंजिला भवन, पांच एकड़ में फैला फार्म हाउस, 23 कीमती भूखंड, लगभग 300 ग्राम सोना, 69.69 लाख रुपये की बैंक जमा राशि और चारपहिया वाहन शामिल हैं। तलाशी के दौरान अभीतक कुल 10,57,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसमें मंगलवार को भुवनेश्वर के बालियंता स्थित उनके आवास से बरामद 2.50 लाख रुपये भी शामिल है।

सतर्कता विभाग के अनुसार, मोहंती इन संपत्तियों को अपनी आय के ज्ञात स्रोतों के अनुरूप होने के संबंध में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे सके। इस संबंध में बालेश्वर सतर्कता थाना में मामला संख्या 25/2026 दर्ज किया गया है। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।

—————

(Udaipur Kiran) / सुनीता महंतो