CRIME

आगरा आइसक्रीम फैक्ट्री में युवक की मौत, हत्या का आरोप

परिजन आदि

फिरोजाबाद, 14 जुलाई (Udaipur Kiran) । आगरा स्थित आइसक्रीम फैक्ट्री में काम करने वाले एक युवक की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। रविवार को शव घर पहुंचते ही परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है और घटना की जांच में जुट गई है।

मक्खनपुर थाना क्षेत्र के गांव नगला महुआ निवासी कमलेश (45) पुत्र फूलचंद आगरा स्थित एक आइसक्रीम फैक्ट्री में पिछले 4 साल से काम करता था। शनिवार रात को अचानक उसकी मौत हो गई। रविवार को आइसक्रीम फैक्ट्री के कर्मचारी उसका शव एंबुलेंस में गांव लेकर पहुंचे। कर्मचारियों ने परिजनों को बताया कि रात को उसने खाना खाया था। उसके बाद पता नहीं कि क्या हुआ कि उसकी मौत हो गई। फैक्ट्री कर्मचारी मौत की वजह कुछ भी स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहे थे।

परिजनों के अनुसार उन्होंने जब मृतक के शरीर को देखा तो उसके शरीर पर चोट के निशान मिले। उन्होंने तत्काल घटना की जानकारी थाना मक्खनपुर पुलिस को दी। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। युवक की मौत कैसे हुई इसकी असलियत तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चलेगी फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।

इस सम्बंध में थाना प्रभारी मक्खनपुर का कहना है कि युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। तहरीर प्राप्त होने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

(Udaipur Kiran) / कौशल राठौड़ / राजेश

Most Popular

To Top