
अमेठी, 18 नवंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में शुकुल बाज़ार थाना क्षेत्र में मंगलवार को सड़क हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। रानीगंज–शुकुल बाज़ार मार्ग पर स्थित ठाकुरगंज पेट्रोल पंप के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक पर पीछे बैठी संजना कौशल की सड़क पर गिरने से मौत हो गई।
घटना होते ही आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े। राहगीरों ने तत्काल एंबुलेंस बुलवाई और गंभीर रूप से घायल संजना (30) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शुकुल बाज़ार पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि संजना अपने पति और तीन बच्चों—सार्थक, सक्षम और छह माह के शुभ—के साथ मायके जा रही थीं। हादसे में उनका पति और बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही संजना के मायके पक्ष में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचकर फफक पड़े। शुकुल बाजार के थानाध्यक्ष विवेक कुमार वर्मा ने बताया की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची गई। घटनास्थल का निरीक्षण कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
—————
(Udaipur Kiran) / लोकेश त्रिपाठी