Madhya Pradesh

प्रदेश में विकास के साथ जनजाति समाज भी शिक्षित और विकसित हो रहा है- हेमंत खण्डेलवाल

प्रदेश में विकास के साथ जनजाति समाज भी शिक्षित और विकसित हो रहा है- हेमंत खण्डेलवाल

भोपाल, 15 नवंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आलीराजपुर में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में सहभागिता कर संबोधित किया। उन्हाेंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपने साहस और संघर्ष से अंग्रेजी शासन को चुनौती दी थी। उनके हृदय में गहरी देशभक्ति बसती थी। आज हमारी युवा पीढ़ी को उनके कार्यों और आदर्शों का अनुसरण करने की आवश्यकता है। प्रदेश के सतत विकास के साथ-साथ जनजातीय समाज भी शिक्षा और प्रगति की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के आलीराजपुर पहुंचने पर जनजातीय भाई-बहनों ने आत्मीय स्वागत किया।

भगवान बिरसा मुंडा के बताए मार्ग पर चले युवा – हेमंत खण्डेलवालभारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कार्यक्रम काे संबोधित करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा एक ऐसे व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अंग्रेजी शासन को चुनौती दी थी और उनके हृदय में गहरी देशभक्ति थी। प्रदेश के सतत विकास के साथ-साथ जनजातीय समाज भी शिक्षा और प्रगति की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। हमारी जनजाति के लिए वह आदर्श थे, जिन्होंने जवानी में भी यह बता दिया कि किसी भी युवा को अगर जीना चाहिए तो देश के लिए जीना चाहिए। मैं आज भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर आह्वान करता हॅू कि जैसा उनका जीवन रहा हमारे समाज का हर युवा उनके जीवन को देखकर उनके बताये मार्ग पर चले। हर जनजाति के युवा में इतने जज्बात रहे कि हमारे समाज को एक नई दिशा देने का काम कर सके। मैं मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव का आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने चाहे आलीराजपुर, धार सहित आदिवासी बहुल क्षेत्रों का विकास एवं जनजाति समाज को रोजगार मिले उसकी चिंता की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने धार में अपने जन्मदिन के अवसर पर बड़े टेक्सटाइल पार्क की घोषणा की थी, जिससे लगभग 50 हजार जनजातीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। यह परियोजना जनजातीय समाज की आर्थिक उन्नति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। प्रदेश निरंतर विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और इसी विकास यात्रा में जनजातीय समाज भी शिक्षित, सक्षम और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि वे भगवान बिरसा मुंडा को अपना आदर्श मानकर समाज को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में योगदान दें।

प्रदर्शनी का अवलोकन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, केन्द्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, प्रदेश शासन के मंत्री नागर सिंह चौहान के साथ विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया और उसकी सराहना की। जनजातीय कार्य विभाग द्वारा जनजातीय नायकों के बलिदान को दर्शाने वाली प्रदर्शनी प्रस्तुत की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग ने पोषण आहार तथा मोटे अनाज के उपयोग को प्रोत्साहित करने वाली प्रदर्शनी लगाई। एम.पी.डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ने जनजातीय संस्कृति से जुड़े स्थानीय उत्पाद जैसे तुमड़ा, बोहणी, गलसन माला, तीर-कमान और रोज़गार आधारित सामग्री का आकर्षक प्रदर्शन किया। कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग ने जोबट में निर्मित पंजादरी एवं ब्लॉक प्रिंट उत्पाद प्रदर्शित किए। आयुष विभाग की प्रदर्शनी में विभिन्न आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियाँ शामिल थीं, जबकि कृषि एवं उद्यानिकी विभाग ने ग्रीन खाद तथा फूड प्रोसेसिंग यूनिट से संबंधित उत्पाद प्रदर्शित किए।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे