
बांदा, 21 नवंबर (Udaipur Kiran) । भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के बांदा शहर में एकता पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस पदयात्रा में प्रदेश के जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी सहित भाजपा के हजारों कार्यकर्ता और स्कूली छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
पदयात्रा ऑक्सीजन पार्क से शुरू होकर जेएन डिग्री कॉलेज तक निकाली गई। सबसे आगे राज्य मंत्री रामकेश निषाद और सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी चल रहे थे। प्रतिभागियों के हाथों में तिरंगे लहरा रहे थे और पूरा माहौल वंदे मातरम् के उद्घोष से गूंज रहा था। शहर के कई स्कूलों की छात्राओं ने भी बड़ी संख्या में सहभागिता करके कार्यक्रम को और भव्य बनाया। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को भी शामिल होना था, लेकिन अपरिहार्य कारणों के चलते उनका प्रस्तावित दौरा निरस्त हो गया।
————–
(Udaipur Kiran) / अनिल सिंह