Uttar Pradesh

पूरी तरह से चरमरा चुकी है प्रदेश की भर्ती प्रणाली : संजय सिंह

प्रयागराज में जनसभा को संबोधित करते हुए उप्र आप पार्टी के प्रभारी राज्यसभा सांसद संजय सिंह का छाया चित्र

प्रयागराज, 24 नवंबर (Udaipur Kiran) । रोज़गार और सामाजिक न्याय की मांग यात्रा व नौजवानों के संघर्ष और वंचितों के ​अधिकारों की लड़ाई और मजबूत होकर आगे बढ़ेगी। यह बात सोमवार को सिविल लाइंस के पत्थर गिरजाघर के निकट धरना स्थल पर आयोजित जनसभा में आप यूपी प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कही।

उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश की भर्ती प्रणाली पूरी तरह चरमरा चुकी है। लाखों युवाओं की मेहनत को संगठित भ्रष्टाचार कुचल रहा है। पेपर लीक, परीक्षा रद्दीकरण और भर्ती घोटालों ने आयोगों की विश्वसनीयता खत्म कर दी है—चाहे यूपीपीएससी हो, पुलिस भर्ती हो या टीईटी—हर परीक्षा के पीछे सिर्फ धांधली की कहानी दिखती है।

उन्होंने छात्रों को संदेश देते हुए कहा कि यह लड़ाई दो-चार दिन की नहीं है इसे और लंबा लेकर जाना है। उन्होंने छात्रों और नौजवानों को याद दिलाया कि आपका इतिहास तो यह है कि 75 में जब आपातकाल लगा तो लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में अपने देश की हुकूमत को उखाड़ कर फेंक दिया यह प्रयागराज के नौजवानों का इतिहास है।

उन्होंने कहा कि प्रयागराज सिर्फ शहर नहीं, बल्कि देश के सबसे बड़े प्रतियोगी केंद्रों का हृदय है। यहाँ लाखों युवा देश सेवा का सपना लेकर आते हैं, पर सरकार ने इस सपनों के शहर को निराशा और अव्यवस्था की राजधानी बना दिया है। भाजपा सरकार युवाओं को न अवसर दे सकी, न पारदर्शिता; बस पेपर लीक की लंबी सूची थमा कर पूरी पीढ़ी को हताश कर दिया। उन्होंने कहा कि कल प्रयागराज विश्वविद्यालय के छात्रों और नौजवानों के समर्थन ने मेरा मन गदगद कर दिया।

रोज़गार और सामाजिक न्याय की मांग को लेकर सरयू तट से शुरू हुई आम आदमी पार्टी की 13 दिवसीय ऐतिहासिक पदयात्रा आज प्रयागराज में लोगों के जोरदार स्वागत के बीच निकली। सुबह होटल कोर्टयार्ड विला, ऐलनगंज से जैसे ही पदयात्रा रवाना हुई, शहर की फिज़ा पूरी तरह बदल गई—सबसे पहले सांसद संजय सिंह ने संगम घाट पर संकल्प पूजन कर यह संदेश दिया कि युवाओं का संघर्ष और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई यहीं खत्म नहीं होगी—बल्कि और मजबूत होकर आगे बढ़ेगी।

—————

(Udaipur Kiran) / रामबहादुर पाल