Uttar Pradesh

बिहार की जनता ने दिया संदेश, नरेंद्र मोदी का जारी रहेगा विजय रथ : ब्रजेश पाठक

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक

–फर्जी घुसपैठी बने वोटरों से अपनी राजनीति चमकाने वालों का होगा अंत : ब्रजेश पाठक

प्रयागराज, 17 नवम्बर (Udaipur Kiran) । प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का प्रयागराज आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने बमरौली एयरपोर्ट पर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में तेजस्वी यादव अपने पिता लालू प्रसाद यादव की तरह जंगल राज लाना चाहते थे, बिहार की जनता ने उनका सूपड़ा साफ कर दिया। अब पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की जंगल राज शासन का सूपड़ा साफ करने का पश्चिम बंगाल की जनता मन बना चुकी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा, राजद, वामदल, तृणमूल कांग्रेस के लोग बिहार विधानसभा के चुनाव में केंद्र की मोदी सरकार उखाड़ने का सपना देख रहे थे, लेकिन बिहार की जनता ने उनको ही उखाड़कर फेंक दिया और संदेश दे दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजय रथ रुकने वाला नहीं है।

मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि इस दौरान डिप्टी सीएम ने एस आई आर अभियान को लेकर कहा कि एस आई आर लोकतंत्र का महाभियान बन चुका है और इस अभियान के अंतर्गत वास्तविक मतदाता सामने आएंगे और अपने मतदान का पूरा अधिकार पाएंगे। फर्जी घुसपैठी बने मतदाता जो भारतीय लोकतंत्र को लहूलुहान कर रहे थे उनका सफाया होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा, वामदल एवं तृणमूल जैसी राजनीतिक दल एस आई आर अभियान आने से आखिर क्यों डर रहे हैं? वो इसलिए डरे हैं, क्योंकि फर्जी घुसपैठी बने मतदाताओं के बल पर ही ऐसे दल के लोग अपनी राजनीति चमकाते रहे उस पर पूर्ण विराम लग जाएगा।

स्वागत करने वालों में विधायक हर्षवर्धन बाजपेई एवं दीपक पटेल, पूर्व जिला अध्यक्ष जमुनापार विभव नाथ भारती, राजेश केसरवानी, रामलोचन साहू, देवाशीष पांडे, संतोष त्रिपाठी, हर्षित मिश्रा रॉबिन साहू, ज्ञान बाबू केसरवानी आदि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र