
मंदसौर, 12 नवंबर (Udaipur Kiran) । मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ जी एस चौहान द्वारा बताया गया कि स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान में उत्कृष्ट कार्य के लिए मप्र के मंदसौर जिले को राज्य स्तर से सराहना प्राप्त हुई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्यप्रदेश की मिशन संचालक डॉ. सलोनी सिदाना द्वारा जिला कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग को पत्र भेजकर जिले के प्रयासों की सराहना की गई है।
मिशन संचालक ने अपने पत्र में लिखा कि जिले द्वारा अभियान की प्रभावी रूप से योजना, क्रियान्वयन और नेतृत्व प्रस्तुत किया गया है। स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन, आशा, एएनएम, सीएचओ, डॉक्टर, पैरा मेडिकल स्टाफ, स्व-सहायता समूह एवं पंचायती राज संस्थाओं की भागीदारी ने अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंदसौर जिले ने इस अभियान में महिला जनसंख्या के 32.03 प्रतिशत का स्क्रीनिंग लक्ष्य पूरा कर उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की।
अभियान के अंतर्गत जिले में 3,593 महिला स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। कुल 9,711 गर्भवती महिलाओं, 14,678 किशोरी बालिकाओं एवं 27,520 अन्य महिलाओं के खून की जांच की गई। इसी प्रकार 10,385 गर्भवती महिलाओं की संपूर्ण जांच की गई तथा 38,407 महिलाओं को स्वास्थ्य परामर्श दिया गया। अभियान के दौरान 2,441 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया। असंचारी रोगों की जांच जिला एवं सिविल अस्पतालों में 42,824 महिलाओं की तथा कैंसर रोग की जांच 14,443 महिलाओं की की गई। मानसिक स्वास्थ्य की जांच 216, मुख एवं दंत रोग की जांच 899 महिलाओं की की गई। आयुष्मान आरोग्य मंदिर में असंचारी रोग की जांच 39,743 एवं कैंसर जांच 6,411 महिलाओं की की गई। टी.बी. जांच के अंतर्गत 12,412 महिलाओं की जांच की गई तथा 841 निश्चय मित्र बनाये गये। कुल मिलाकर इस अभियान के दौरान 2,37,972 महिलाओं की जांच की गई। जिले में आयोजित इस अभियान के दौरान महिला स्वास्थ्य जांच शिविरों के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाओं ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई।
मिशन संचालक ने कहा कि जिले द्वारा प्रदर्शित नेतृत्व, टीम भावना और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता ने अभियान को नई दिशा दी है। साथ ही आगे भी स्क्रीनिंग के बाद उपचार एवं फॉलोअप की सतत प्रक्रिया जारी रखने पर बल दिया गया है। कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने इस सराहना के लिए राज्य स्तर पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे जिले की स्वास्थ्य टीम, आशा कार्यकतार्ओं और सभी सहयोगी विभागों के संयुक्त प्रयास का परिणाम है।
—————
(Udaipur Kiran) / अशोक झलोया