
जोधपुर, 07 नवम्बर (Udaipur Kiran) । ग्रामीण क्षेत्रों के बाद आज से शहर में भी सांसद खेल महोत्सव 2025 के तहत प्रतियोगिताएं शुरू हो गई। शहर के स्कूलों में तीन दिन तक सांसद खेल महोत्सव मनाया जाएगा। इसके तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं होगी।
खेल भावना और युवा ऊर्जा के अद्भुत संगम के प्रतीक सांसद खेल महोत्सव 2025 का आगाज जोधपुर संसदीय क्षेत्र में हो चुका है। एक दिन पहले शुरू हुए महोत्सव के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के बाद आज से शहरी क्षेत्र की प्रतियोगिताएं शुरू हो गई। यह प्रतियोगिताएं दस नवम्बर तक शहरी संकुल प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी के अंतर्गत आयोजित होंगी। इस खेल महोत्सव में बास्केटबॉल, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकसी, योग, एथलेटिक्स, फुटबॉल, सेक रेस, लेमन रेस, गिल्ली-डंडा एवं वॉकथॉन जैसी रोमांचक प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही है। इन प्रतियोगिताओं को अधिकतम तीन दिवस में सम्पन्न करवाया जाएगा। पुरुष एवं महिला प्रतियोगिताओं में खिलाडिय़ों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया। मैदानों पर पारम्परिक खेलों का विशेष आकर्षण रहा। बोरी रेस, लेमन स्पून रेस और गिल्ली-डंडा में बच्चों से लेकर बड़ों तक में जबरदस्त रोमांच दिखाई दिया। वहीं कबड्डी और वॉलीबॉल के मुकाबलों में युवा जोश और अनुभवी खिलाडिय़ों की रणनीतियों का शानदार मेल दर्शकों को रोमांचित कर गया।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डिगाड़ी में आज सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ रस्साकशी प्रतियोगिता के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व जिला प्रमुख पूनाराम चौधरी रहे, जिन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं सांसद खेल महोत्सव संयोजक रुपाराम खोजा ने बताया कि यह खेल महोत्सव में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाडिय़ों के बीच कई खेल प्रतियोगिताएं होंगी। राजस्थान शारीरिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष हापुराम चौधरी ने जिलेभर में आयोजित प्रतियोगिताओं की रूपरेखा और विभिन्न चरणों की जानकारी खिलाडिय़ों को दी।
(Udaipur Kiran) / सतीश