HimachalPradesh

लुथान में 400 निराश्रित बच्चों, महिलाओं, वृद्वजनों को मिलेगा आश्रय : शांडिल

धर्मशाला, 01 नवंबर (Udaipur Kiran) । स्वास्थ्य एवं सामाजिक कल्याण न्याय अधिकारिता मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल ने कहा कि लुथान में 85 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन सुखाश्रय परिसर में 400 के करीब निराश्रित महिलाओं, बच्चों तथा वृद्धजनों के रहने की सुविधा उपलब्ध होगी इसके साथ ही लुथान में सुखाश्रय परिसर में 8 करोड़ 50 लाख की राशि सखी निवास के निर्माण पर भी खर्च की जा रही है जिसमें 50 के करीब कामकाजी महिलाओं को रहने की सुविधा मिली है।

शनिवार को लुथान में सुखाश्रय परिसर में निर्माण कार्यों का जायजा लेने के उपरांत सामाजिक कल्याण न्याय अधिकरिता मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को सुखाश्रय परिसर के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। प्रारंभिक चरण में निर्माण कार्यों पर 25 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में वर्तमान प्रदेश सरकार ने अनाथ बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को संवारने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि अनाथ बच्चे भी समाज के अन्य बच्चों की तरह गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकें। इसी उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने उन्हें राज्य के नामी शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश दिलाने की पहल की है। इस पहल के माध्यम से यह बच्चे जिन्होंने कम उम्र में अपने माता.पिता को खो दिया और कभी अच्छी शिक्षा का सपना भी नहीं देख पाए थे। अब प्रतिष्ठित विद्यालयों में पढ़कर अपने सपनों को साकार करने का अवसर पा रहे हैं।

शांडिल ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में वर्तमान सरकार ने पदभार संभालने के उपरांत प्रदेश के सभी अनाथ बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट का दर्जा प्रदान किया है। इसके तहत उनकी देखभाल सुरक्षा और शिक्षा की जिम्मेदारी 27 वर्ष की आयु तक राज्य सरकार वहन करेगी। उन्होंने कहा कि आईटीआई पॉलिटेक्निक इंजीनियरिंग और फार्मेसी कॉलेजों सहित सभी सरकारी सरकारी सहायता प्राप्त और निजी तकनीकी शिक्षा संस्थानों में अनाथ बच्चों के लिए प्रत्येक पाठ्यक्रम में एक सीट आरक्षित की गई है जिससे उन्हें अन्य विद्यार्थियों के समान व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त करने के अवसर प्राप्त हो सकेंगे।

(Udaipur Kiran) / सतेंद्र धलारिया

Most Popular

To Top