
जयपुर, 10 नवंबर (Udaipur Kiran) । ग्यारह सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार को सफाई कर्मचारियों ने संयुक्त वाल्मीकि एवं सफाई श्रमिक संघ के बैनर तले निगम मुख्यायल पर धरना देकर प्रदर्शन किया। इसके बाद सफाई कर्मचारियों ने यूडीएच शासन सचिव, डीएलबी निदेशक और निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी शामिल रहे।
संयुक्त वाल्मीकि एवं सफाई श्रमिक संघ के नेतृत्व में लगातार स्वायत्त शासन विभाग एवं निगम प्रशासन के कर्मचारियों की मांगों के निस्तारण को लेकर कई बार पहले भी प्रदर्शन किए जा चुके है, परन्तु निगम प्रशासन एवं स्वायत्त शासन विभाग कर्मचारियों की मांगों का निस्तारण नहीं कर रहा है। केवल आश्वासन पर आश्वासन दिया जा रहा है कर्मचारियों की मांगों का निस्तारण नहीं करने के कारण कर्मचारियों में जबरदस्त आक्रोश है।
संघ अध्यक्ष नंदकिशोर डंडोरिया ने बताया कि नए एप से कर्मचारियों की हाजरी नहीं कराकर पुरानी बायोमेट्रीक द्वारा हाजरी कराई जाए, सफाई कर्मचारी पढ़े-लिखे कम होने के कारण मोबाइल एप पर हाजरी करने में असक्षम है। ठेकेदारी प्रथा बन्द किया जाए, सफाई कर्मचारी बरसों से सफाई का कार्य करता जा रहा परन्तु कर्मचारियों को नियमित नहीं किया जाता है। ठेकेदार द्वारा कर्मचारियों को पूरा भुगत नहीं दिया जाता। ना ही कर्मचारियों को मानक सुरक्षा संसाधन उपलब्ध किए जाते है, ना कर्मचारियों को ईएसआई और पीएफ की कटौती की जा रही है। सफाई कर्मचारियों की सफाई भर्ती 2025 पुन: चालू की जाए। कोर्ट केस के प्रकरणों में नियुक्ति दी जाए। उस समझौते अनुसार कोर्ट केस के प्रकरणों में नियुक्ति दी जाए। मृतक आश्रित कर्मचारियों के अनुकम्पा नियुक्ति दी जाए। वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति दी जाए। सफाई कर्मचारी से जमादार जमादार से स्वास्थ्य निरीक्षक प्रथम स्वास्थ्य निरीक्षक प्रथम से मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक की पदोन्नति की कार्यवाही लम्बित चल रही है। सफाई कर्मचारियों को 1-1 1-2 में क्रमोन्नत किया जाए। कार्यवाहक स्वास्थ्य निरीक्षकों एवम जमादारों को यथावत कार्य करने दिया जाए।
—————
(Udaipur Kiran) / राजेश