Madhya Pradesh

महापुरूषों के स्मरण से मन में जागृत होती है देश प्रेम की भावना: उप मुख्यमंत्री शुक्ल

भगवान बिरसा मुण्डा जयंती समारोह

– रीवा के कन्या महाविद्यालय में आयोजित भगवान बिरसा मुण्डा जयंती समारोह में शामिल हुए शुक्ल

भोपाल, 15 नवम्बर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि महापुरूषों के स्मरण से मन में देशप्रेम की भावना जागृत होती है। महापुरूषों की जयंती मनाने का उद्देश्य है कि उनके जीवन चरित्र का आत्मावलोकन किया जाए। उन्होंने कहा कि आज का दिन हम सबका सिर गर्व से ऊंचा करने वाला दिन है, क्योंकि आज वीर नायक भगवान बिरसा मुण्डा की 150वीं जयंती गौरव दिवस के रूप में मनाई जा रही है। भगवान बिरसा मुण्डा ने अपने जीवनकाल के मात्र 25 वर्षों में आजादी की लड़ाई में जो अहम भूमिका निभाई थी, जिसके फलस्वरूप हम सब आज खुले में सांस ले रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल शनिवार को रीवा के कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित भगवान बिरसा मुण्डा जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदाय के लोगों ने देश को स्वतंत्र कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। भगवान बिरसा मुण्डा एवं स्वामी विवेकानंद जैसे महापुरूषों के आदर्श जीवन को आत्मसात करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलकर ही देश को विश्वगुरू बनाया जा सकता है। उन्होंने युवा वर्ग से आह्वान किया कि महापुरूषों के आदर्श जीवन के संस्कार अपने जीवन में उतारें और अपने साथ अपने परिवार व समाज के लिए परोपकार के कार्य करें।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने युवाओं से समाज में व्याप्त विकृतियों, नशे तथा मानवीय अवगुणों के विरूद्ध लड़ाई लड़ने का आह्वान किया। उन्होंने विकसित रीवा के साथ क्लीन रीवा व ग्रीन रीवा बनाने में सहभागी बनने का आह्वान भी किया। स्वागत उद्बोधन प्राचार्य विभा श्रीवास्तव ने दिया। उप मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुण्डा के जीवन चरित्र पर आधारित निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया।

देश के सम्मान के लिए आदिवासी समाज सबसे आगे रहा : शुक्ल

भगवान बिरसा मुण्डा की 150वीं जयंती शनिवार को गौरव दिवस के रूप में रीवा में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर रीवा जिले में कोल भवन परिसर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि देश के सम्मान के लिए आदिवासी समाज हमेशा आगे रहा है। गुलामी की जंजीर में जकड़े हुए देश के स्वतंत्रता आंदोलन में भगवान बिरसा मुण्डा का योगदान महत्वपूर्ण है। उन्हें ‘धरती आबा’ कहा गया। वह हमारे प्रेरणास्रोत हैं। देश उनकी 150वीं जयंती धूमधाम से मनाकर अपनी कृतज्ञता व्यक्त कर रहा है।

शुक्ल ने कहा कि हमारे महापुरूष प्रेरणास्रोत हैं। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान से ही हम स्वतंत्रता प्राप्त कर खुले में सांस ले पा रहे हैं। आदिवासी समाज ने शौर्य और पराक्रम का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए आजादी की लड़ाई में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। जल, जमीन और जंगल के बिना भारत की कल्पना असंभव है। देश में यदि जंगल बचा है तो वह सिर्फ आदिवासी समाज के कारण ही बचा है। आदिवासी समाज के हमारे भाई गंगा नदी के समान पवित्र और निश्छल हैं। उनमें वीरता के साथ धैर्यशीलता भी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनजातीय समुदाय के लोगों को जमीन का पट्टा देने तथा पक्के मकान बनाने का जो संकल्प लिया है, उसे मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश में पूरा किया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि रीवा में कोल समाज के लिए समर्पित सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण हुआ।

जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल ने कहा कि गुरूओं व बड़ों के आशीर्वाद से ही व्यक्ति आगे बढ़ता है। कोल सामुदायिक भवन की जो सौगात उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल द्वारा मिली है, उसे समाज के लोग हमेशा याद रखेंगे। विधायक इंजीनियर नरेन्द्र प्रजापति ने कहा कि आदिवासी संस्कृति ही भारतीय संस्कृति की मूल पहचान है। आदिवासी समाज जल, जंगल व जमीन के लिए ही जीता है। विधायक शरद कोल ने कहा कि आज हम ऐसे महापुरूष को याद कर रहे हैं जिन्होंने बिना संसाधन के अपनी अस्मिता की पहचान को बनाए रखने का कार्य किया तथा भारत की स्वतंत्रता के लिए लड़ाई लड़ी। कोल समाज अपनी संस्कृति व इतिहास को बचाए हुए है। शासन के सहयोग से समाज के लोगों के विकास के कार्य प्राथमिकता से कराए जा रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने 93.49 लाख रुपए से निर्मित कोल सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने जनजातीय देवी-देवताओं का पूजन कर जनजातीय धर्मगुरूओं का सम्मान किया। कार्यक्रम में आदिवासी लोकनृत्य एवं अन्य आदिवासी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियाँ हुईं। जिला स्तरीय आयोजन में गौरव रथयात्रा का समापन हुआ और ग्राम उत्कर्ष योजना से निर्मित आवासों के गृह प्रवेश के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। आयोजन में हितग्राहीमूलक योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया गया।

उप मुख्यमंत्री ने सिलाई प्रशिक्षण केन्द्र का किया निरीक्षण

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कन्या महाविद्यालय रीवा परिसर में गोकुलदास एक्सपोर्ट द्वारा दिए जा रहे सिलाई प्रशिक्षण केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बालिकाओं से संवाद करते हुए कहा कि आप सब प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार प्राप्त करने के लिए आगे बढ़ रहे हैं। लड़कियाँ किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। जरूरत इस बात की है कि उन्हें अवसर उपलब्ध कराया जाए। सिलाई प्रशिक्षण केन्द्र में निर्धन वर्ग की लड़कियों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है जिससे प्रशिक्षण प्राप्त कर लड़कियाँ अतंर्राष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार प्राप्त कर सकें।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल को बताया गया कि अभी तक केन्द्र से 30 प्रशिक्षण प्राप्त कर बालिकाओं को बैंगलोर में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। अब रीवा से बैंगलोर जाना आसान हो जाएगा। आगामी 22 दिसम्बर से रीवा से इंदौर के लिए वायु सेवा प्रारंभ हो जाएगी और इंदौर से लोगों को सीधे बैंगलोर की कनेक्टिंग फ्लाइट मिल सकेगी।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि इस केन्द्र के माध्यम से अधिक से अधिक लड़कियाँ प्रशिक्षण प्राप्त कर लेंगी तो गोकुलदास कंपनी की इकाई रीवा में स्थापित करने के प्रयास होंगे। प्रशिक्षण केन्द्र में प्रशिक्षणार्थियों को आवास व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में उप मुख्यमंत्री ने जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर कार्यकारी संचालक एमपीआईडीसी यूके तिवारी ने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय कंपनी के कपड़े पूरे विश्व में निर्यात किए जाते हैं, जहाँ रीवा से प्रशिक्षण प्राप्त कर 30 लड़कियों को रोजगार के अवसर मिले हैं।

(Udaipur Kiran) तोमर