
मुंबई, 01 नवंबर (Udaipur Kiran) । महाराष्ट्र भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने शनिवार को मुंबई में कहा कि महाविकास आघाड़ी(मविआ) के झूठे प्रचार की साजिश को सभी कार्यकर्ताओं को नाकाम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आगामी स्थानीय निकाय चुनावों की पूर्व संध्या पर, महाविकास अघाड़ी के नेता हार के डर से लोकसभा चुनाव के दौरान भी इसी तरह का झूठा प्रचार कर रहे थे।
रवींद्र चव्हाण महाविकास अघाड़ी द्वारा झूठा प्रचार और भ्रम फैलाने की साजिश को नाकाम करने और माविआ की दोहरी भूमिका को उजागर करने के लिए शनिवार को गिरगांव चौपाटी पर आयोजित मौन आंदोलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महायुति सरकार जहाँ प्रत्येक नागरिक के सपनों का महाराष्ट्र बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है, वहीं महाविकास आघाड़ी राज्य में अराजकता पैदा करने की कोशिश कर रही है। यह समूह विदेशी ताकत और फंडिंग से पोषित है। यह सामाजिक संस्थाओं को गुमराह करके विकास को रोकने और अस्थिरता पैदा करने का काम कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि इन आंदोलनकारियों में सचिन वाझे भी हो सकता है और जनता से उनके कुटिल इरादों और योजनाओं को समझने की अपील की।
रवींद्र ने कहा कि ये ठाकरे भाई अपनी वाकपटुता के बल पर महाराष्ट्र के लोगों को गुमराह करते रहे हैं। ठाकरे बंधुओं ने महाराष्ट्र को सबसे बुरा दिन दिखाया है। उन्होंने कहा कि बालासाहब ठाकरे का सपना कि हर गरीब को पक्का घर मिले, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के प्रयासों से साकार हो रहा है।
मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने कहा कि मतदाता उन्हें क्यों नकार रहे हैं, इस पर आत्मचिंतन करने के बजाय मविआ नेताओं ने पदयात्रा के माध्यम से झूठ का दिखावा किया है। महाराष्ट्र के मतदाताओं ने आगामी चुनावों में मविआ को घर का रास्ता दिखाने का मन बना लिया है।
कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि विपक्ष के दोहरे रवैये को उजागर करने के लिए यह एक मौन आंदोलन है। जब विपक्ष चुनाव जीतता है, तो लोकतंत्र बरकरार रहता है, लेकिन जब वे हार जाते हैं, तो वे ईवीएम पर आरोप लगाकर हंगामा खड़ा करते हैं। विपक्ष की नौटंकी अब काम नहीं आएगी। यह आंदोलन लोगों को सच्चाई बताने और उनकी भावनाओं को समझने के लिए है।
इस मौन विरोध प्रदर्शन में भाजपा मुंबई अध्यक्ष अमित साटम, कौशल विकास एवं उद्यमिता तथा पालकमंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ए. चित्रा वाघ, ए. योगेश सागर, पूर्व मंत्री विद्या ठाकुर, संजय उपाध्याय सहित कई विधायक, युवा मोर्चा मुंबई अध्यक्ष तेजिंदर सिंह तिवाना, प्रदेश मीडिया विभाग प्रमुख नवनाथ बान आदि शामिल हुए।
—————
(Udaipur Kiran) यादव