Madhya Pradesh

रायसेनः केन्द्रीय कृषि मंत्री ग्राम चन्दन पिपलिया में सांसद खेल महोत्सव में हुए शामिल

रायसेनः केन्द्रीय कृषि मंत्री ग्राम चन्दन पिपलिया में सांसद खेल महोत्सव में हुए शामिल

रायसेन, 15 नवम्बर (Udaipur Kiran) । केन्द्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के प्रवास के दौरान सिलवानी तहसील के चन्दन पिपलिया में सांसद खेल महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पूर्व केबीनेट मंत्री रामपाल सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा राकेश शर्मा भी उपस्थित रहे।

केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान ने कहा कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए खेल प्रभावी माध्यम होते हैं। व्यक्तित्व विकास और फिट रहने के लिए खेल जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत गांव-गांव में खेल का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें प्रत्येक वर्ग के लिए खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। अक्सर बहनों और बेटियों की ज़िंदगी में खेल आता ही नहीं है। चूल्हा-चौका, खेत, घर-गृहस्थी और राशन में ही ज़िंदगी कट जाती है। मैंने सोचा कि अगर बहनों के लिए भी खेल हो जाएँ, तो उनके चेहरे पर मुस्कुराहट और खुशी आएगी और उनका जीवन भी उत्साह के रंग से भर उठेगा। इसीलिए पूरे संसदीय क्षेत्र में हमारी बहनें और बेटियाँ भी इन खेल प्रतियोगिताओं में भाग ले रही हैं।

उन्होंने कहा कि हारना-जीतना अलग बात है। दो टीमों में से एक टीम जीतती है और एक हारती है। लेकिन खेलों से खुशी मिल रही है। घर से निकलकर हमारी बहनें और बेटियाँ भी मुस्कुराएँ, उनका उत्साह बढ़े, इसी उद्देश्य से बच्चों के लिए भी और बहन-बेटियों के लिए यह सांसद खेल महोत्सव आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रामपाल सिंह ने भी संबोधित किया।

केंद्रीय कृषि मंत्री के मुख्य आतिथ्य में ग्राम नारायणपुर में जनजाति गौरव दिवस कार्यक्रम संपन्न

केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में शनिवार को सिलवानी विकासखंड के ग्राम नारायणपुर में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री चौहान ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा जनजातियों की धार्मिक व्यवस्था, संस्कृति, परम्परा, अस्तित्व एवं अस्मिता रक्षक के प्रतीक हैं। वे संपूर्ण जनजातीय समाज का गौरव है। केंद्रीय मंत्री चौहान ने सरकार द्वारा जनजातीय वर्ग के विकास और कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रामपाल सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर अनेक हितग्राहियों को सरकार की विभिन्न योजनाओं के हितलाभ भी वितरित किए गए।

(Udaipur Kiran) तोमर