Delhi

दो संगीन मामलों में घोषित आरोपी गिरफ्तार

दो संगीन मामलों में गिरफ्तार आरोपित की फोटो

नई दिल्ली, 5 नवंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की नॉर्दर्न रेंज–I टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी नितेश दहिया उर्फ निटे को गिरफ्तार किया है। आरोपित दो संगीन मामलों अपहरण व हत्या (थाना बवाना) और दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट (थाना कंझावला) में घोषित अपराधी था। इसके अलावा गुरुग्राम पुलिस ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किया था।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने बताया कि साल 2018 में बवाना थाना क्षेत्र में एक युवक साहिल उर्फ गैब्सू के अपहरण व हत्या का मामला दर्ज हुआ था। जांच के दौरान मृतक की प्रेमिका के बयान में सामने आया कि साहिल को लड़की के पिता विजेंद्र और भाइयों राकेश, मनीष, लोकेश, नितेश दहिया और सौरभ ने मिलकर बेरहमी से पीटा और उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को सोनीपत के सिलाना गांव के पास नहर में फेंक दिया गया। आरोपित नितेश को अदालत से 14 दिन की अंतरिम जमानत मिली थी, लेकिन वह फरार हो गया। अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार इसके अलावा साल 2017 में थाना कंझावला में दर्ज मुकदमें में आरोपित नितेश ने एक नाबालिग लड़की को घर से भगाकर शादी कर ली थी। बाद में पुलिस जांच में लड़की की उम्र कम पाई गई और मामला अपहरण व पॉक्सो एक्ट में परिवर्तित कर दिया गया।

नितेश इस मामले में भी जमानत पर बाहर आया और अदालत की कार्यवाही से बचता रहा। तीन सितंबर 2025 को अदालत ने उसे इस मामले में भी भगोड़ा घोषित कर दिया।

पुलिसउपायुक्तने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम को 4 नवंबर काे गुप्त सूचना मिली कि आरोपित नितेश दहिया अपने पैतृक गांव सिलाना, थाना खरखौदा, जिला सोनीपत (हरियाणा) में छिपा हुआ है। सूचना को पुख्ता कर पुलिस टीम ने देर रात को छापेमारी की। पुलिस को देखकर आरोपित छत से कूदकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने उसे पीछा कर दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपित नितेश दहिया (29) सोनीपत हरियाणा का रहने वाला है। उसने दसवीं तक पढ़ाई की है और शादीशुदा है। उसकी एक बेटी है। वह पहले चोरी जैसे अपराधों में शामिल रहा, बाद में अपहरण, हत्या और दुष्कर्म जैसे संगीन अपराधों में भी लिप्त हो गया।

—————

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी