
कानपुर,24 नवंबर (हि। स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय मुख्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष निर्देशों के अनुपालन में सोमवार को गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लेकर क्षेत्रीय टोली के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने की। यह जानकारी सोमवार को भाजपा क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने दी।
कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने बताया कि भाजपा के सभी सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, नगर निगम के पार्षद, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता हेल्प डेस्क स्थापित करेंगे। इन हेल्प डेस्कों के माध्यम से प्रत्येक मतदाता को न्यूमरेशन फॉर्म भरवाने में हर संभव मदद की जाएगी।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने जोर देते हुए कहा कि एक भी फर्जी या घुसपैठिया मतदाता न बन पाए, इसके लिए पार्टी के कार्यकर्ता पूरी सतर्कता रखें। हेल्प डेस्क पर वर्ष 2003 की मतदाता सूची सहित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध रहेंगे ताकि पुनरीक्षण कार्य में पारदर्शिता बनी रहे।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी वरिष्ठ बूथ एवं प्रवासी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों पर प्रतिदिन की रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। साथ ही प्रत्येक मतदाता को चिन्हित करते हुए बीएलओ का पूरा सहयोग किया जाए। भाजपा का संकल्प है कि 2025 की मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम दर्ज हो तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि न रह जाए।
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि मलिन बस्तियों में विशेष रूप से जनप्रतिनिधियों के माध्यम से हेल्प डेस्क स्थापित की जाएंगी, जिससे वहां के निवासियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और हर पात्र मतदाता का नाम सूची में सम्मिलित हो सके। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि क्षेत्रीय कार्यालय में बनाए गए वार रूम में आईटी टीम के कार्यकर्ता प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे तक मौजूद रहेंगे। यह टीम तकनीकी सहायता प्रदान करते हुए सभी 17 जिलों में चल रहे गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान की सतत मॉनिटरिंग एवं सहयोग सुनिश्चित करेगी।
इस मौके पर वीरेंद्र तिवारी, जय प्रकाश कुशवाहा, आलोक शुक्ला,जितेंद्र सचान, पवन पांडे,ऋषभ शुक्ला, सचिन गौड़, रामू चंदेल आदि मौजूद रहे।
(Udaipur Kiran) / मो0 महमूद