
महोबा, 20 नवंबर (Udaipur Kiran) ।बुंदेलों के सुरक्षित यातायात व जाम के झाम से छुटकारा के लिए ई रिक्शा, ऑटो, जीप समेत अन्य डग्गामार वाहनों के लिए स्थाई स्टैंड की आवश्यकता लंबे समय से बुंदेले महसूस कर रहे हैं। नगर पालिका द्वारा नगर में बनवाए गए अस्थाई ऑटो स्टैंड लोगों के लिए मजाक बनकर रह गए हैं। जगह जगह नगर में अवैध ऑटो स्टैंड संचालित हो रहे हैं। अस्थाई ऑटो स्टैंड अपनी बदहाली पर आंसु बहा रहे हैं। अवैध ऑटो स्टैंड लोगों के लिए परेशानी का सबब बन रहे हैं।
जनपद मुख्यालय में नगर पालिका द्वारा चार अस्थाई ऑटो स्टैंड बनवाए गए थे जोकि आज के समय में अपना अस्तित्व खो चुके हैं। परमानंद तिराहा, हमीरपुर चुंगी, राठ रोड, बिलबई चुंगी, पुराना प्राइवेट बस स्टैंड, बलखंडेश्वर मंदिर के सामने इन अवैध स्टैंडों की वजह से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। जबकि आए दिन इन स्थानों पर जाम की समस्या का सामना भी लोगों को करना पड़ता है। वहीं नगर पालिका द्वारा ठेकेदार के माध्यम से की जा रही पार्किंग वसूली से लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। ठेकेदार द्वार लगाए गए वसूलीबाज बीच सड़क पर ही वाहनों को रोक कर वसूली करने में जुट जाते हैं। यहां तक कि लोगों ने चिन्हित स्थानों के अलावा भी ठेकेदार के गुर्गों के द्वारा पार्किंग के नाम पर वसूली के आरोप लगाए हैं।
स्थाई स्टैंड बनने से मिलेगी राहत
नगर के वाशिंदे जयनारायण सेन, राजेश, मदन सिंह, संतराम त्रिपाठी, त्रिपुरारी चतुर्वेदी समेत अन्य लोगों ने कहा कि स्थाई स्टैंड बनने पर ही लोगों को यातयात में राहत मिलेगी और जाम की समस्या से निजात मिलेगा। अवैध स्टैंड जाम का कारण बन रहे हैं। बुंदेलों के द्वारा बेहतर एवं सुरक्षित यातायात के लिए जल्द से जल्द स्थाई स्टैंड बनवाने की मांग की है।
नगर पालिका देगी स्टैंड के लिए जमीन
प्रभारी यातयात निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि जरूरत के अनुसार नगर पालिका से राठ चुंगी पर ऑटो स्टैंड बनवाए जाने की अपील की गई थी। यातायात माह के तहत लोगों को सुरक्षित यातायात के लिए जागरूक किया जा रहा है।अभियान चलाकर डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। सभी प्वाइंटों पर यातायात कर्मियों की तैनाती की गई है। नगर पालिका के द्वारा स्थाई ऑटो स्टैंड के लिए जगह उपलब्ध कराई जाएगी, जहां ऑटो स्टैंड संचालित होगा।
—————
(Udaipur Kiran) / उपेन्द्र द्विवेदी