Haryana

हरियाणा के सभी जिलों में शुरू हुई जमीनों की पेपरलैस रजिस्ट्री

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी चंडीगढ़ से पेपरलैस रजिस्ट्री की शुरूआत करते हुए

-मुख्यमंत्री ने पंचकूला से शुरू की योजना

-समय व संसाधनों की होगी बचत

चंडीगढ़, 1 नवंबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश को एक और सौगात दी है। राज्य सरकार ने हरियाणा को डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम की ओर अग्रसर करते हुए मुख्यमंत्री पूरे प्रदेश में पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली लागू की है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को हरियाणा निवास पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बटन दबाकर इस प्रणाली को लागू किया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 29 सितंबर को कुरुक्षेत्र जिले की लाडवा तहसील से इस पहल की शुरुआत की थी, जिसे अब पूरे राज्य में विस्तारित किया गया है। उन्होंने कहा कि 29 सितंबर से 31 अक्तूबर, 2025 तक कुल 917 पेपरलेस रजिस्ट्री सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं, जो इस व्यवस्था की सफलता का प्रमाण हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नई प्रणाली से दशकों पुरानी जटिल रजिस्ट्री प्रक्रिया से लोगों को राहत मिलेगी और अब रजिस्ट्री कार्यों में अनावश्यक देरी की समस्या समाप्त हो जाएगी। नागरिक अब अपने घर बैठे ही अधिकतर प्रक्रियाएं पूरी कर सकेंगे। केवल एक बार फोटो खिंचवाने के लिए संबंधित तहसील में जाना आवश्यक होगा।

उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल पारदर्शिता और सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि इससे प्रदेश की जनता को वास्तविक सुविधा मिलेगी। उन्होंने यह भी जोड़ा कि पेपरलेस रजिस्ट्री से समय और संसाधनों की बचत होगी तथा भ्रष्टाचार की संभावनाओं पर अंकुश लगेगा।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top