Uttar Pradesh

उत्तर प्रदेश में अब गुंडाराज कभी नहीं आएगा: ब्रजेश पाठक

पदयात्रा करते ब्रजेश पाठक

लखनऊ, 18 नवम्बर (Udaipur Kiran) । भारत रत्न लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जन्मजयंती समारोह के अंतर्गत मंगलवार को कैंट विधानसभा में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के नेतृत्व में भव्य एकता पदयात्रा का आयोजन किया गया।

एकता पदयात्रा का प्रारम्भ निरंकारी भवन श्रृंगार नगर से हुआ। आलमबाग चौराहा, खालसा चौक होते हुए मवैया चौराहा पर जनसभा के साथ यात्रा का समापन हुआ। हाथों में तिरंगा झंडा लिए देश भक्ति और एकता अखंडता के नारे के साथ वातावरण गूंजायमान रहा। रास्ते में जगह-जगह व्यवसायियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों ने पुष्प वर्षा के साथ यात्रा और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का स्वागत किया और उसके बाद स्वयं भी एकता यात्रा में सम्मिलित होते गए।

मवैया चौराहे पर समापन स्थल पर जनसमूह को सम्बोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग यह अच्छी तरह समझ लें कि अब उत्तर प्रदेश में उनका माफिया राज और गुंडाराज कभी दोबारा नहीं आएगा। समाजवादी पार्टी सरकार में माफिया और गुंडाराज स्थापित हो चुका था। हमारी बहू बेटियां सुरक्षित नहीं थी। शाम के बाद घर से निकलने से डरती थी। अब उत्तर प्रदेश में कानून की सरकार है और जनता बेख़ौफ़ है।

उप मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए स्मृतियों को नमन करते हुए कहा कि सरदार पटेल ने अखंड भारत के निर्माण में मुख्य भूमिका निभाने का काम किया। ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वल्लभभाई पटेल, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल के एकात्म मानववाद की नीति के आधार पर अंतिम पायदान पर बैठे लोगों को गरीबों की रेखा से ऊपर लाने का काम किया है। अन्य पार्टियों ने गरीबी हटाओ का नारा तो दिया लेकिन उसके लिए कोई काम नहीं किया। प्रधानमंत्री मोदी ने उसको धरातल पर उतारने का काम किया और अंतिम पायदान पर बैठे जरूरतमंद लोगों के जीवन में खुशियां लाने का काम किया। गरीब जनों के जीवन सुधार के चिंता के साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का मान कैसे बढ़े इसके लिए आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत संकल्प लिया। भारत भारत क्षेत्र में भारत तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है।

पदयात्रा में पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया,महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, मानसिंह, अरविंद त्रिपाठी गुड्डू, राकेश श्रीवास्तव, हर शरण लाल गुप्ता, परविंदर सिंह, सुशील तिवारी पम्मी,अशोक तिवारी, लखविंदर सिंह, योगेंद्र पटेल, हेमंत दयाल, प्रवीण गर्ग,विनायक पांडे, राजन वर्मा महेंद्र राजपूत मानस बाहरी, रूपा देवी सहित बड़ी संख्या में लोग एकता यात्रा में सम्मिलित हुए।

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन