RAJASTHAN

प्रदेश के आठ शहरों का रात का तापमान पहुंचा दस डिग्री से नीचे

प्रदेश के आठ शहरों का रात का तापमान पहुंचा दस डिग्री से नीचे

जयपुर, 13 नवंबर (Udaipur Kiran) । प्रदेश में तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर देखने को मिल रहा है। प्रदेश के 8 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। 7 डिग्री के साथ फतेहपुर की रात सबसे सर्द रही।

राज्य में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने तथा न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार फतेहपुर के अलावा नागौर का न्यूनतम तापमान 8.1, लूणकरणसर का 8.3, सिराही का 8.4, सीकर का 9.4, चूरू का 9.7, अंता बारां और पिलानी का 9.8 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश में बाड़मेर सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 32.6 और न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर के दिन के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पिछले 24 घंटे में अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन दर्ज नही किया गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा। गुरुवार को राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम तापमान 7 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। जो कि सामान्य से लगभग 1-2 डिग्री कम है।

—————

(Udaipur Kiran) / राजेश