
मंदसौर, 15 नवंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले सुवासरा में एक प्रॉपर्टी डीलर ने शुक्रवार को ट्रेन के सामने कूदकर सुसाइड कर लिया था। मृतक ने सुसाइड नोट में आरोप लगाया था कि भाजपा नेता अमजद पठान से परेशान होकर यह आत्मघाती कदम उठा रहा हूं। इसके बाद शनिवार को विभिन्न हिंदू संगठनों एवं मृतक के परिजनों ने सुवासरा चौपाटी पर शव रखकर जाम लगा दिया। प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अमजद ने सरकारी भूमि पर अवैध मकान और बंगला बनाया है। प्रदर्शनकारियों की मांग पर प्रशासन ने अमजद के मकान को बुलडोजर से ढहा दिया।
दरअसल, सुवासरा के प्रॉपर्टी डीलर मनीष व्यास ने शुक्रवार को सुसाइड कर लिया था। घटनास्थल से सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने अमजद पर 54 लाख रुपए हड़पने का आरोप लगाया है। कहा कि इनके जुल्मों से मैं तंग आ गया हूं। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। शनिवार को प्रदर्शन के दौरान प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच बात नहीं बनी। इस बीच स्थानीय विधायक हरदीप सिंह डंग ने पेट्रोल पंप के पास नारेबाजी करते हुए पहुंचे।
उन्होंने प्रशासन पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाया। इसके बाद प्रशासन ने जेसीबी चलाकर चोमेला मार्ग पर पठान का अवैध मकान तोड़ना शुरू किया। सुवासरा तहसीलदार रामलाल मुनिया भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद प्रदर्शनकारी 54 लाख रुपए मनीष के परिवार को दिलाने और अमजद को भाजपा से निष्कासित करने की मांग पर अड़े रहे। शाम को भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने अजमद पठान को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता और सभी पदों से तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि विजय पाटीदार का कहना है कि अमजद पठान ने काफी अवैध संपत्ति अर्जित की है। उसको रातसात किया जाए। आपने बताया कि सुवासरा और आस पास इससे पीडित कई और लोग भी जिन-जिन लोगों को प्रताड़ित किया है उन्हें न्याय दिया जाए आपने कहा कि मनीष के परिवार को अमजद से 54 लाख रुपए दिलाए जायें।
प्रॉपर्टी डीलर के बेटे भूलेश्वर, भतीजा दीपक (पिता कैलाश व्यास) और मृतक मनीष के पिता बंसीलाल व्यास ने बताया कि अमजद पठान और उसके परिवार से उनका दो साल से पैसों का लेन-देन चल रहा था। अमजद ने कोई खेत दिलाने की बात कहकर रुपए लिए थे। हालांकि, उन्होंने कहा कि रुपए किस प्रकार से दिए गए, इसकी पूरी जानकारी फिलहाल उन्हें नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि अमजद यहां से कई लोगों के पैसे बटोरकर चला गया है और अब मंदसौर में रहने लगा है। मामले में जिला पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने बताया कि अमजद को गिरफ्तार करने के लिए टीमें भेजी गई है उसके भाई को हिरासत में ले लिया गया था। जल्द अमजद को भी गिरफ्तार कर लिया जायेंगा।
भाजपा अल्पसंख्स्यक मोर्चे का पदाधिकारी रहा अमजद
आरोपी अमजद पठान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष और कृषि उपज मंडी सुवासरा के डायरेक्टर पद काबिज बताया जाता है। सुवासरा के स्थानीय लोगों के अनुसार भाजपा के कई बड़े नेताओं का आशीर्वाद भी अमजद को प्राप्त था, हालांकि शनिवार को भाजपा ने अमजद को पार्टी से निष्कासित कर दिया।
—————
(Udaipur Kiran) / अशोक झलोया