Madhya Pradesh

भगवान बिरसा मुण्डा के संकल्प और सोच को आगे बढ़ा रही है मध्य प्रदेश सरकार : मंत्री सिलावट

पातालपानी में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस का जिला स्तरीय समारोह

– पातालपानी में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस का जिला स्तरीय समारोह आयोजित

इंदौर, 14 नवंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि जनजातीय समाज के उत्थान और कल्याण के लिए केन्द्र और राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। जनजातीय समाज के गौरव भगवान बिरसा मुंडा और क्रांति सूर्य टंट्या मामा के द्वारा किए गए कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए हम सब प्रयत्नशील है। देश में आज राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू से लेकर मध्य प्रदेश के प्रथम नागरिक राज्यपाल मंगुभाई पटेल भी जनजातीय वर्ग से आते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जनजातीय समाज के कल्याण और विकास के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाएं चलाई जा रही है, जिसका लाभ इस वर्ग के महिला, पुरुषों और बच्चों को मिल रहा है। जनजातीय समाज में सिकल सेल एनीमिया बीमारी से छुटकारा दिलाने के लिए राज्य शासन द्वारा सतत जागरूकता कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज के सांस्कृतिक गौरव, परंपराओं और अधिकारों के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है। मध्यप्रदेश सरकार भगवान बिरसा मुण्डा के संकल्प और सोच को आगे बढ़ा रही है।

मंत्री सिलावट शनिवार दोपहर को सामुदायिक भवन परिसर पातालपानी डॉ. अम्बेडकर नगर महू में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में अपना अध्यक्षीय उद्बोधन दे रहे थे। इस अवसर पर विधायक उषा ठाकुर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन, श्रवण चावड़ा विशेष रूप से उपस्थित थे।

मंत्री सिलावट ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार द्वारा पूरे मध्यप्रदेश में उत्साह, हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। सिलावट ने कहा कि आदिवासी समाज में नव चेतना का संचार करने वाले, धर्म और संस्कृति के साथ आजादी की जंग के सच्चे जननायक, साहस और शौर्य के प्रतीक भगवान बिरसा मुंडा को मैं नमन करता हूं। भगवान बिरसा मुंडा केवल जनजातीय समाज के ही नहीं, बल्कि पूरे देश के स्वाभिमान और स्वतंत्रता की अदम्य भावना के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने अपने अल्प जीवन में जिस साहस, संघर्ष और नेतृत्व की मिसाल पेश की, वह आज भी हमें प्रेरणा देती है।

सिलावट ने जनजातीय गौरव दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिवस आदिवासी नायकों के योगदान को याद करने और समाज की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के समग्र विकास के लिए हमें भगवान बिरसा मुंडा और क्रांति सूर्य टंट्या मामा को बार-बार स्मरण करना होगा। जल, जंगल और जमीन की रक्षा करने के लिए जनजातीय समाज हमेशा आगे रहा है और समाज के विकास में इस वर्ग की अहम भूमिका रही है। मंत्री सिलावट ने कहा कि पातालपानी सहित आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार , जल संरक्षण कार्यों का विकास और आदिवासी युवाओं के कौशल उन्नयन के लिए कई योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। जल संसाधन मंत्री सिलावट को मप्र शासन द्वारा जनजातीय गौरव के लिए जिले में होने वाले समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर नियुक्त किया गया था।

कार्यक्रम में विधायक उषा ठाकुर ने कहा कि नर से नारायण बनने की यात्रा का नाम भगवान बिरसा मुंडा और क्रांति सूर्य टंट्या मामा है। जनजातीय वर्ग इन दोनों महानायकों से प्रेरणा ले और इनके दिखाये पथ पर चलने की कोशिश करें। प्रारंभ में मंत्री सिलावट, विधायक उषा ठाकुर एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा क्रांति सूर्य टंट्या मामा की समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें स्मरण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा और क्रांति सूर्य टंट्या मामा के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। इस मौके पर जनजातीय कल्याण विभाग इंदौर द्वारा संचालित छात्रावास की छात्राओं ने आदिवासी लोक नृत्य की रंगारग प्रस्तुति दी। कबीर पंथी लोक गायक जयमल चौपड़ा ने लोक गीतों की संगीतमय प्रस्तुति दी।

समारोह में जन कल्याण संबल योजना, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, पेंशन योजना सहित कई अन्य शासकीय योजनाओं से जनजातीय वर्ग के हितग्राहियों को डेढ़ करोड़ से अधिक राशि देकर लाभान्वित किया गया। साथ ही विभिन्न स्कूलों की जनजातीय वर्ग की छात्राओं को 60% से अधिक अंक लाने पर प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न शासकीय विभागों एवं स्वैच्छिक संगठनों द्वारा शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार के स्टाल्स लगाए गए।

मंत्री सिलावट ने लाड़ली बहनों, आंगनवाड़ी सहायिकाओं और छात्राओं से किया संवाद

कार्यक्रम के पूर्व मंत्री सिलावट ने लाड़ली बहनों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, छात्राओं और हितग्राहियों से संवाद किया। उन्होंने लाड़ली बहनों से पूछा कि आपको प्रतिमाह मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का लाभ मिल रहा है। साथ ही केन्द्र और राज्य शासन द्वारा चलायी जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। मंत्री सिलावट ने हितग्राहियों से कहा कि राशन दुकानों से आपको राशन की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने छात्राओं की पढ़ाई के बारे में पूछा और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

(Udaipur Kiran) तोमर