RAJASTHAN

जोधपुर: दोनों नगर निगम हुए एक, संभागीय आयुक्त ने संभाली कमान

jodhpur

कहा- सौ वार्डों में कर्मचारियों के समायोजन से लेकर पिछली घोषणाओं पर फोकस

जोधपुर, 10 नवम्बर (Udaipur Kiran) । पूर्ववर्ती गहलोत सरकार के समय में बने जोधपुर के दोनों नगर निगम उत्तर व दक्षिण आज से एक हो गए। इन दोनों निगमों के बोर्ड का कार्यकाल रविवार को खत्म हो गया था। आज से यहां संभागीय आयुक्त ने प्रशासक के तौर पर काम संभाल लिया है। नगर निगम में अब सिर्फ सौ वार्ड होंगे। इसके लिए कार्य शुरू हो गया है।

जोधपुर में सोमवार से शहर की सरकार यानी नगर निगम का प्रभार महापौर की जगह सम्भागीय आयुक्त ने संभाल लिया है। जोधपुर में डॉ. प्रतिभा सिंह ने नगर निगम उत्तर और दक्षिण के मर्ज होने के बाद एकीकृत निगम का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने बताया कि पहले नगर निगम उत्तर और दक्षिण में 80-80 वार्ड मिलाकर कुल 160 वार्ड थे, एकीकरण करने के बाद अब कुल 100 वार्ड जोधपुर नगर निगम में बनाए गए है। सबसे पहले प्रयास यही रहेगा कि जिनका मर्जर हुआ है उसमें किस प्रकार से पूर्व में दोनों नगर निगम के जो कर्मचारी थे उनका समायोजन करना है, उनकी नियुक्ति करनी है। सौ वार्डों में किस प्रकार से उनका पदस्थापन करना है, यह उनकी प्राथमिकता रहेगी।

बजट घोषणाएं, फ्लैगशिप योजनाओं की होगी समीक्षा

उन्होंने कहा कि इसके अलावा बजट घोषणाएं, फ्लैगशिप योजनाओं की गहन समीक्षा की जाएगी। उनकी क्रियान्विति जिस प्रकार राज्य और भारत सरकार के निर्देश है, उसी के अनुरूप होगी। इसके अलावा प्रदूषण रोकने के लिए सडक़ पर प्रदूषण खत्म करने के लिए चल रहे प्रोजेक्ट पर ध्यान दिया जाएगा। सफाई व्यवस्था की भी गहन समीक्षा की जाएगी। किस तरह से व्यवस्थाएं सुचारु होगी इसका भी ध्यान दिया जाएगा।

पहले दिन आमजन को हुई भारी परेशानी, वापस लौटाया

दोनों नगर निगम के एक बनने के बाद पहले दिन आमजन को भारी परेशानी हुई। जन्म-विवाह-मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे मूलभूत काम बंद रहे। सॉफ्टवेयर अपडेट नहीं होने और स्टेशनरी नए नगर निगम के अनुरूप नहीं होने के कारण इनके रजिस्ट्रेशन करवाने आए लोगों को वापस लौटा दिया। इधर, नगर निगम में अधिकारी भी पशोपेश में रहे कि कौन अधिकारी कहां का काम संभालेगा। नगर निगम में प्रशासनिक स्ट्रक्चर का जो प्रारूप तैयार करके सरकार को भिजवाया था, उस पर अब तक मोहर नहीं लगी है। वहीं, नगर निगम के इंटरनल सॉफ्टवेयर में भी बदलाव किया जा रहा है। इसके कारण आज नगर निगम में काम-काज ठप रहा। आमजन के जरूरी काम जैसे विवाह पंजीयन, जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट का काम बंद रहा।

(Udaipur Kiran) / सतीश