Madhya Pradesh

जबलपुर : प्रदेश में टैक्स को बढ़ाए बिना बजट का आकार हुआ विस्तृत : मंत्री राकेश सिंह

प्रदेश में टैक्स को बढ़ाए बिना बजट का आकार हुआ विस्तृत : लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह

जबलपुर, 12 जुलाई (Udaipur Kiran) । मध्यप्रदेश शासन के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा 62 वर्षों बाद देश ने किसी प्रधानमंत्री को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में जनादेश देकर स्वीकारोक्ति की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार द्वारा बीते दस वर्षो में किए गए गरीब कल्याण, सुशासन के कार्यों और जनहित की योजनाओं के कारण ही मप्र में 29 में से 29 सीटे हमने जीती है। सिंह ने कहा लोकसभा चुनाव में इस बार मप्र की सभी 29 की 29 सीटें जीतकर रिकॉर्ड बनाया गया है। यह रिकॉर्ड हमेशा बने रहे, पार्टी हर चुनाव में इसका प्रयास करेगी। विधानसभा चुनाव में पार्टी को डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों के चलते 163 सीटें हासिल हुई थी। विधानसभा चुनाव हो या लोकसभा चुनाव हमें भरोसा था कि केंद्र और राज्य की जनहितैषी योजनाओं के कारण हमें चुनाव में प्रचंड जीत मिलेगी और हुआ भी ऐसा ही। मध्यप्रदेश अब भाजपा का गढ़ बन चुका है। मंत्री राकेश सिंह भारतीय जनता पार्टी संभागीय कार्यालय रानीताल में पत्रकार-वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

सिंह ने कहा कि जब हमारी सरकार बनी थी तो 7 लाख हेक्टेयर में सिंचाई होती थी। आज 47 लाख हेक्टेयर में सिंचाई हो रही है। आने वाले 2 साल में यह 47 लाख से बढ़कर 60 लाख हेक्टेयर हो जाएगा और 5 वर्षों में एक करोड़ हेक्टेयर में सिंचाई का पानी पहुंचेगा। सरकार ने कृषि क्षेत्र में इस दिशा में बहुत तेजी से काम किया है और कृषि कर्मण अवार्ड लगातार छह बार प्रदेश को मिला है। जो स्थान कभी पंजाब हरियाणा को मिला करता था वह मध्य प्रदेश को मिलना शुरू हो गया। इसलिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार ने आने वाले 5 वर्षों में एक करोड़ हेक्टेयर में सिंचाई का पानी पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।

सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी लगातार मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ती जा रही है। प्रदेश में 14 मेडिकल कॉलेज हैं और तीन इसी सत्र से नीमच, मंदसौर और सिवनी में शुरू होंगे। अगले वर्ष से 6 नए मेडिकल कॉलेज और शुरू होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार ने पीपीपी मॉडल में निजी पूंजी निवेशकों को आमंत्रित करने का फैसला लिया है। आने वाले समय में कुछ जगहों पर इन मेडिकल कॉलेज को जिला अस्पतालों से अटैच किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं है। प्रदेश सरकार द्वारा पर्यटन को बढावा देने के लिए अनेकों कार्य किए है। महाकाल लोक बनने से पर्यटन में कई गुना बढोत्तरी हुई है। राम वन गमन पथ के साथ अब श्रीकृष्ण गमन पथ बना रहे हैं।

सिंह ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करना कांग्रेस का नियमित व्यवहार बन गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का विरोध करते-करते कांग्रेस भारत का विरोध और भाजपा का विरोध करते करते अब हिन्दुओं का अपमान करने में गर्व महसूस करने लगी है। भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश अपने दायित्व का ध्यान रखते हुए विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए जुटी है। हमारा विचार राष्ट्र प्रथम है और हमारी प्रेरणा अंत्योदय है। अभी हमें आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश बनाने के लिए हमे अपनी बूथ समिति के सशक्तिकरण के प्रयासों को और अधिक बढ़ाना है। पन्ना प्रमुख की संकल्पना को पूर्णतः सिद्ध करना है, क्योंकि ’संगठन तंत्र की शक्ति ही, वैभव का चित्र सजाती है।

(Udaipur Kiran) / विलोक पाठक / राजू विश्वकर्मा

Most Popular

To Top