
ग्वालियर, 15 नवंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पिछले आठ दिन से 10 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच झूल रहा न्यूनतम तापमान शनिवार को 9.9 डिग्री सेल्सियस पर गया जो वर्तमान मौसम में अभी तक का सबसे कम है। मौसम के जानकारों की मानें तो फिलहाल तापमान में ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है लेकिन तीन से चार दिन बाद तापमान में तेजी से गिरावट होगी और सर्दी बढ़ेगी।
पिछले एक सप्ताह से रात्रि में सर्दी प्रभाव दिखा रही है। हालांकि शुष्क मौसम के चलते दिन में सर्दी से राहत बनी हुई है। दिन में न तो सर्दी का असर है और न ही गर्मी का। यानी दिन का मौसम अभी अनुकूल बना हुआ है। मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस समय ग्वालियर-चंबल के मौसम को प्रभावित करने वाली कोई मौसम प्रणाली मौजूद नहीं है। हालांकि आज श्रीलंका तट के पास दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है लेकिन उसका असर दक्षिण भारत तक ही सीमित रहेगा।
फिलहाल ग्वालियर-चंबल में मौसम शुष्क रहेगा। अभी हवा उत्तर-पश्चिम से आ रही है। दो से तीन दिन बाद हवा का रुख उत्तरी होने की संभावना है। जिससे तापमान में गिरावट के साथ सर्दी का असर बढ़ेगा। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस कम है। अधिकतम तापमान भी पिछले दिन की तुलना में 0.8 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम है।
(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा