CRIME

शेखावत और महिपाल के बीच झगड़ा-फायरिंग मामले में आठ गिरफ्तार

8 arrested in the case of fight and firing between Shekhawat and Mahipal

जयपुर, 13 जुलाई (Udaipur Kiran) । चित्रकूट थाना इलाके में शुक्रवार को राष्ट्रीय करणी सेना के अध्यक्ष शिव सिंह शेखावत और श्री राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना के बीच मारपीट और फायरिंग के मामले में आठ लोगों को अरेस्ट किया है। पुलिस ने राष्ट्रीय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव सिंह शेखावत के साथ उसके छह साथियों और महिपाल सिंह मकराना के दो साथियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ शनिवार को मामला दर्ज करवाया है।

खास बात यह है कि दोनों की पक्ष एक दूसरे पर मारपीट और फायरिंग का आरोप लगा रहे है। इस घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए है। पुलिस इन वीडियों की मदद से इस पूरे मामले की जांच कर रही है। एडिशनल डीसीपी नीरज पाठक ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज करवाया गया है। मारपीट और फायरिंग के मामले में आठ लोगों को अरेस्ट किया है। सीसीटीवी सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। फिलहाल दोनों पक्षों के आरोपिताें को शांति भंग के आरोप में अरेस्ट किया गया है।

मकराना की गोली जमीन पर लगी- शेखावत

शिव सिंह शेखावत ने बताया कि ‘मकराना का शुक्रवार को मेरे छोटे भाई के पास फोन आया था। कह रहा था कि बैठकर बात कर लेते हैं। सभी बात कर रहे थे। वो शायद नशे में था। इस बीच उसने मेरे ऊपर फायर कर दिया। फायर जमीन पर लगा। इसके बाद मेरे गनमैन से इसके सिर पर बंदूक का बट मार दिया। मकराना के साथ तीन लोग और थे। हमने उन सभी को पकड़ लिया।’

महिपाल की पत्नी बोलीं- धोखे से बुलाकर मारा

महिपाल की पत्नी वर्षा ने बताया कि महिपाल सिंह काे धोखे से बुलाकर मारा है। उनको पता था ये आदमी अकेला आएगा। उन्होंने पहले से 40 लोग इकट्‌ठा कर रखे थे। उन्हें बुरी तरीके से मारा है। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को भी इसी तरह धोखे से मारा गया था। उन्होंने मुझे अभी इतना बताया है, धोखे से बुलाकर मारा गया है। फायरिंग उनकी (शिव सिंह) तरफ से हुई है। उन्होंने खुद ने नीचे फायरिंग की है। नाम लगा दिया इन्होंने फायरिंग की है। इन्होंने कुछ नहीं किया।’

एडिशनल पुलिस कमिश्नर कैलाश बिश्नोई ने बताया कि दोनों के पास गनमैन हैं। गनमैन से भी घटना को लेकर पूछताछ की जाएगी। राष्ट्रीय करणी सेना के कार्यालय से लिए गए सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।

डीसीपी पश्चिम अमित कुमार ने बताया कि दो पक्षों में झगड़े और फायरिंग की सूचना मिली थी। बुलेट का शेल मौके पर मिला है। फायरिंग में किसी को चोट नहीं लगी है। मारपीट में चोट लगी है। फिलहाल दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

वर्चस्व की लड़ाई

दिसंबर 2023 में श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से शिव सिंह शेखावत और महिपाल सिंह मकराना के बीच राजपूत समाज में वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा है। शुक्रवार रात को हुई घटना को भी इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। दोनों ही गुट लंबे समय से एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी भी करते आए हैं।

कालवी के समय ही कई संगठन बने

साल 2017 में जब श्री राजपूत करणी सेना के लोकेंद्र सिंह कालवी पद्मावत मूवी को लेकर देशभर में प्रदर्शन कर रहे थे, उस दौरान भी करणी सेना के कई गुट थे। इनमें कालवी की श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना, अजीत सिंह की श्री राजपूत करणी सेवा समिति और सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना थी।

करणी सेना के अध्यक्ष को घर में घुसकर गोलियां मारी थीं

5 दिसंबर को दाे बदमाशों ने राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी पर गोलियां चलाई थीं, फिर भाग निकले थे। गोगामेड़ी को मेट्रो मास हॉस्पिटल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) सैनी / संदीप माथुर

Most Popular

To Top